संवाददाता / कानपुर देहात
कानपुर देहात। जनपद में अपराध नियंत्रण, घटनाओं की रोकथाम एवं प्रभावी कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मंगलपुर पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति को अवैध शस्त्र एवं कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 32 बोर का एक देशी तमंचा और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। मामले में आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर 2026 को थाना मंगलपुर पुलिस टीम द्वारा नहर पुल, झींझक के पास वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि झींझक की ओर से ईको कार में सवार एक व्यक्ति आ रहा है, जिसके पास अवैध देशी तमंचा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने रूरा रोड बॉर्डर स्थित जेपी स्कूल के पास सतर्कता बढ़ाते हुए वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी।
कुछ समय बाद झींझक की ओर से एक ईको कार तेज गति से रूरा की तरफ आती दिखाई दी। पुलिसकर्मियों को चेकिंग करते देख चालक ने वाहन से उतरकर मौके से भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने आवश्यक बल प्रयोग करते हुए उसे मौके पर हिरासत में ले लिया।
पूछताछ एवं जामा तलाशी के दौरान गिरफ्तार व्यक्ति ने अपना नाम परमवीर यादव पुत्र फौजदार सिंह, उम्र करीब 42 वर्ष, निवासी ग्राम शिवपुरी अघार, थाना एलाऊ, जनपद मैनपुरी बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक देशी तमंचा 32 बोर और चार जिंदा कारतूस 32 बोर बरामद किए गए।
आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर थाना मंगलपुर में मु0अ0सं0 308/2026, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके अलावा पुलिस ने बरामद ईको कार को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया है। गिरफ्तार आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
पूछताछ में बताई तमंचा रखने की वजह
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि थाना मंगलपुर क्षेत्र की रहने वाली एक महिला से उसके कई वर्षों से प्रेम संबंध हैं और वह उससे मिलने जा रहा था। आरोपी ने पुलिस को बताया कि सुरक्षा के लिए वह तमंचा और कारतूस साथ लेकर आया था।
आरोपी का आपराधिक इतिहास
पुलिस द्वारा उपलब्ध कराए गए विवरण के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी विभिन्न मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें थाना एलाऊ, जनपद मैनपुरी में वर्ष 2018 एवं 2019 के मामले तथा थाना भोगांव में वर्ष 2016 का मामला शामिल है। इनमें संबंधित धाराएं भारतीय दंड संहिता, आर्म्स एक्ट तथा एससी/एसटी एक्ट से संबंधित बताई गई हैं।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम
गिरफ्तारी करने वाली थाना मंगलपुर पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अवनीश कुमार वर्मा, चौकी प्रभारी झींझक, उपनिरीक्षक अवधेश सिंह, कांस्टेबल 56 दिग्विजय सिंह, कांस्टेबल 478 सुमित चौधरी, कांस्टेबल 1034 मधुर कुमार तथा कांस्टेबल 842 रघुराज शामिल रहे।