संवाददाता / कानपुर देहात
कानपुर देहात। पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने शुक्रवार को अपने कार्यालय में जनसुनवाई आयोजित कर विभिन्न समस्याओं को लेकर पहुंचे फरियादियों एवं पीड़ितों की शिकायतें गंभीरतापूर्वक सुनीं। एसपी ने फरियादियों को सम्मानपूर्वक बैठाकर उनकी समस्याओं को ध्यान से सुना और संबंधित प्रकरणों में नियमानुसार न्यायपूर्ण कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ने फरियादियों द्वारा प्रस्तुत प्रार्थना पत्रों का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रार्थना पत्र का निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से परीक्षण करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई से अवगत कराने के निर्देश भी दिए गए।
एसपी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुनवाई में आने वाले फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से लिया जाए और शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। पुलिस से संबंधित मामलों में नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए पीड़ितों को न्याय दिलाने की दिशा में संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए।
इसी क्रम में जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारियों द्वारा भी अपने-अपने कार्यालयों में जनसुनवाई की गई। क्षेत्राधिकारियों ने अपने कार्यालयों में पहुंचे फरियादियों एवं पीड़ितों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना तथा संबंधित मामलों में न्यायोचित एवं नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
पुलिस विभाग द्वारा जनसुनवाई के माध्यम से आमजन की शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने तथा पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद एवं विश्वास कायम रखने पर जोर दिया जा रहा है।