संवाददाता / कानपुर देहात
कानपुर देहात। जिला गंगा समिति, कानपुर देहात द्वारा स्वच्छता ही सेवा एवं सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत राजपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत रमऊ में स्वच्छता रैली एवं जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को स्वच्छता, जल संरक्षण, नदी संरक्षण एवं पर्यावरण के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों द्वारा अमृत सरोवर पर सामूहिक रूप से श्रमदान भी किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी/अध्यक्ष जिला गंगा समिति कपिल सिंह के निर्देशन तथा मुख्य विकास अधिकारी विधान जयसवाल एवं प्रभागीय वनाधिकारी कानपुर देहात प्रोमिला के मार्गदर्शन में किया गया। स्वच्छता रैली एवं जागरूकता गोष्ठी का नेतृत्व जिला परियोजना अधिकारी, जिला गंगा समिति कानपुर देहात विवेक कुमार सैनी ने किया।
स्वच्छता रैली में जनता इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं के साथ अधिकारियों, कर्मचारियों, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, स्वयंसेवकों एवं स्थानीय ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के माध्यम से लोगों को नदियों एवं जलस्रोतों को स्वच्छ रखने, प्लास्टिक एवं कूड़े-कचरे को खुले में न फेंकने तथा गंदे पानी को नदियों एवं जलस्रोतों में प्रवाहित न करने के प्रति जागरूक किया गया। विद्यार्थियों एवं अन्य प्रतिभागियों ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े नारों के माध्यम से ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
रैली के उपरांत ग्राम पंचायत के लोगों के साथ जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में जिला परियोजना अधिकारी विवेक कुमार सैनी ने कहा कि नदियां केवल जल का स्रोत नहीं हैं, बल्कि पर्यावरण, जैव विविधता और जनजीवन का महत्वपूर्ण आधार हैं। नदियों एवं जलस्रोतों को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखने के लिए प्रशासन के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
गोष्ठी के दौरान नमामि गंगे कार्यक्रम, नदी संरक्षण, जल संरक्षण, स्वच्छता, प्लास्टिक मुक्त वातावरण तथा पर्यावरण संरक्षण से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखें और अन्य लोगों को भी स्वच्छता एवं जल संरक्षण के प्रति जागरूक करें।
इसके बाद सभी प्रतिभागियों ने अमृत सरोवर पर सामूहिक रूप से श्रमदान किया। इस दौरान लोगों ने स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने तथा नदियों और जलस्रोतों को स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान जमाल अहमद, सहायक विकास अधिकारी पंचायत कल्याण सिंह, दीपक कुमार पंचायत सचिव, इन्द्रेश कुमार वन रक्षक, रोजगार सेवक प्रियंका कुमारी, पंचायत सहायक पुष्पा देवी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।