संवाददाता / कानपुर देहात
कानपुर देहात की पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने सोमवार को अपने कार्यालय में जनसुनवाई कर फरियादियों एवं पीड़ितों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। जनसुनवाई के दौरान विभिन्न समस्याओं को लेकर पहुंचे लोगों को सम्मानपूर्वक बैठाकर उनकी शिकायतें सुनी गईं और उन्हें न्याय का भरोसा दिलाया गया।
पुलिस अधीक्षक ने फरियादियों द्वारा प्रस्तुत प्रार्थना पत्रों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का न्यायपूर्ण, निष्पक्ष एवं समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा पीड़ितों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाए।
जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ने फरियादियों से उनकी समस्याओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस का दायित्व है कि आमजन की शिकायतों को गंभीरता से सुना जाए और नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
क्षेत्राधिकारियों ने भी की जनसुनवाई
इसी क्रम में जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारीगण द्वारा भी अपने-अपने कार्यालयों में जनसुनवाई की गई। क्षेत्राधिकारियों ने अपने कार्यालय पहुंचे फरियादियों एवं पीड़ितों की समस्याओं को सुना और संबंधित मामलों में नियमानुसार न्यायोचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
पुलिस विभाग द्वारा अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि फरियादियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े।