संवाददाता / उरई-जालौन
उरई, 14 सितम्बर 2026। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), उरई में 15 सितम्बर 2026 को रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला संस्थान परिसर में पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 03:30 बजे तक आयोजित होगा।
नोडल प्रधानाचार्य, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान उरई ने बताया कि मेले में सुब्रोस लिमिटेड, नोएडा, उत्तर प्रदेश एवं अरविन्द लिमिटेड, वाराणसी, उत्तर प्रदेश की प्रतिनिधि टीमें प्रतिभाग करेंगी। कंपनियों द्वारा राजकीय एवं निजी आईटीआई के विभिन्न व्यवसायों से उत्तीर्ण अभ्यर्थियों का साक्षात्कार के माध्यम से चयन किया जाएगा।
चयन प्रक्रिया में सफल अभ्यर्थियों को संबंधित कंपनियों में रोजगार/अप्रेंटिसशिप का अवसर प्रदान किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को लगभग 15,500 रुपये से 18,000 रुपये प्रतिमाह तक मानदेय/वेतन देय होगा।
मेले में राजकीय एवं निजी आईटीआई के सभी व्यवसायों से उत्तीर्ण पुरुष एवं महिला अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं। प्रतिभाग करने के लिए अभ्यर्थी की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
नोडल प्रधानाचार्य ने इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर अपने समस्त शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों, आवश्यक दस्तावेजों एवं अपडेटेड रिज्यूम के साथ राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, उरई में उपस्थित होकर रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेले में प्रतिभाग करें।
यह मेला आईटीआई उत्तीर्ण युवाओं को कंपनियों के प्रतिनिधियों के समक्ष सीधे साक्षात्कार देने और रोजगार के अवसर प्राप्त करने का महत्वपूर्ण माध्यम होगा।