सार्वजनिक स्थानों पर महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण और कानूनी अधिकारों को लेकर चलाया गया जागरूकता अभियान

मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के तहत बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और ग्रामीण-शहरी क्षेत्रों में महिलाओं व बालिकाओं को किया गया जागरूक

संवाददाता / कानपुर देहात

कानपुर देहात। मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, सशक्तिकरण और उनके कानूनी अधिकारों को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बाजारों, सार्वजनिक स्थानों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

पुलिस टीमों द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को विभिन्न प्रकार के अपराधों से बचाव के उपायों के साथ-साथ किसी भी आपात स्थिति में पुलिस एवं संबंधित हेल्पलाइन से संपर्क करने की जानकारी दी गई। अभियान के माध्यम से सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण, कानूनी अधिकारों तथा साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।

महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी

जागरूकता अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जानकारी दी। इनमें 181 महिला हेल्पलाइन, 1090 महिला शक्ति लाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 112 इमरजेंसी हेल्पलाइन तथा 1076 पुलिस कंट्रोल रूम सहित अन्य आवश्यक सेवाओं के बारे में बताया गया।

पुलिस ने महिलाओं से कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी, उत्पीड़न, असुरक्षा या आपात स्थिति होने पर बिना किसी भय के संबंधित हेल्पलाइन अथवा नजदीकी पुलिस थाने से संपर्क करें।

साइबर अपराधों से बचाव के बताए उपाय

अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को सोशल मीडिया और इंटरनेट के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों के प्रति भी जागरूक किया गया। पुलिस टीमों ने फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी प्रोफाइल एवं फर्जी सोशल मीडिया खातों के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी आदि के संबंध में सावधानी बरतने की जानकारी दी।

इसके साथ ही UPCOP ऐप के माध्यम से उपलब्ध पुलिस सेवाओं का त्वरित लाभ लेने की प्रक्रिया के बारे में भी बताया गया। महिलाओं को सोशल मीडिया पर अनजान व्यक्तियों से सावधानी बरतने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने तथा अपनी निजी जानकारी एवं फोटो आदि साझा करते समय सतर्क रहने के लिए जागरूक किया गया।

महिलाओं को कानूनी अधिकारों की जानकारी

जागरूकता अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों और महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा से संबंधित प्रमुख कानूनों की जानकारी भी दी गई। पुलिस टीमों द्वारा POCSO एक्ट, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा साइबर अपराधों से संबंधित सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान की गई।

पुलिस ने महिलाओं को बताया कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, हिंसा, शोषण अथवा अपराध की स्थिति में चुप रहने के बजाय इसकी सूचना पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सके।

सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन पर जोर

मिशन शक्ति फेज-5 के अंतर्गत उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पुलिस सेवाओं और सहायता तंत्र की जानकारी पहुंचाना है।

कानपुर देहात पुलिस की ओर से महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा, उत्पीड़न अथवा अपराध की स्थिति में तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें। पुलिस ने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि उनकी सुरक्षा और सम्मान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *