किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए 16 सितंबर को होगा किसान दिवस

विकास भवन सभागार माती में दोपहर 12 बजे से होगी बैठक, विभिन्न विभागों के अधिकारी रहेंगे मौजूद

संवाददाता / कानपुर देहात

कानपुर देहात। शासन के निर्देशों के तहत जनपद के किसानों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए प्रत्येक माह के तृतीय बुधवार को जनपद स्तरीय किसान दिवस का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में सितंबर माह का किसान दिवस 16 सितंबर 2026, बुधवार को दोपहर 12 बजे विकास भवन सभागार, माती में आयोजित किया जाएगा।

किसान दिवस की अध्यक्षता जिलाधिकारी कपिल सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल द्वारा की जाएगी। कार्यक्रम में कृषि एवं कृषि से जुड़े विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहेंगे। इनमें उद्यान, पशुपालन, मत्स्य पालन, सहकारिता, मंडी समिति, लघु सिंचाई, सिंचाई, विद्युत, जल निगम, कृषि विज्ञान केंद्र, अग्रणी बैंक, नेडा एवं फसल बीमा कंपनी के अधिकारी शामिल होंगे।

किसानों की समस्याओं और शिकायतों की होगी सुनवाई

किसान दिवस के दौरान जनपद के कृषकों की समस्याओं, शिकायतों एवं सुझावों को सुना जाएगा। संबंधित विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण का प्रयास किया जाएगा। किसानों को अपनी समस्याएं सीधे संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर भी मिलेगा।

इसके साथ ही किसानों को विभिन्न विभागीय योजनाओं, कृषि कार्यक्रमों तथा नवीन एवं उन्नत कृषि तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। किसानों को आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने, उत्पादन बढ़ाने और कृषि के माध्यम से आय में वृद्धि के लिए उपलब्ध योजनाओं एवं तकनीकी जानकारी से अवगत कराया जाएगा।

किसानों से बैठक में पहुंचने की अपील

उप कृषि निदेशक हरिशंकर भार्गव ने जनपद के समस्त किसानों से किसान दिवस में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने की अपील की है। उन्होंने किसानों से अपनी समस्याओं एवं सुझावों को बैठक में प्रस्तुत करने के साथ-साथ विभिन्न विभागीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने का अनुरोध किया है।

किसान दिवस के माध्यम से किसानों और संबंधित विभागों के अधिकारियों के बीच सीधा संवाद स्थापित कर कृषि क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं के समाधान एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *