कक्षा 8 उत्तीर्ण पुरुष एवं महिला अभ्यर्थी कर सकते हैं आवेदन, 16 सितंबर तक जमा होंगे फॉर्म
संवाददाता / कानपुर देहात
कानपुर देहात, 10 सितंबर 2026। मधुमक्खी पालन को प्रोत्साहित करने और किसानों को वैज्ञानिक तरीके से मौनपालन की तकनीक से जोड़ने के उद्देश्य से उद्यान विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा 90 दिवसीय (तीन माह) निःशुल्क मधुमक्खी पालन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण के लिए जनपद के इच्छुक कृषकों एवं अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
जिला उद्यान अधिकारी डॉ. बल्देव प्रसाद ने बताया कि प्रशिक्षण सत्र 16 सितंबर 2026 से 15 दिसंबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। प्रशिक्षण का आयोजन औद्यानिक प्रयोग एवं प्रशिक्षण केन्द्र, सहारनपुर एवं बस्ती तथा अधीक्षक राजकीय उद्यान, प्रयागराज के माध्यम से किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण विभाग की ओर से निःशुल्क प्रदान किया जाएगा। हालांकि प्रशिक्षण में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने ठहरने, भोजन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी स्वयं उठानी होगी।
कक्षा 8 उत्तीर्ण अभ्यर्थी कर सकते हैं आवेदन
मधुमक्खी पालन के प्रशिक्षण में पुरुष एवं महिलाएं तथा सभी वर्गों के अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं। आवेदन के लिए अभ्यर्थी की न्यूनतम शैक्षिक योग्यता कक्षा 8 उत्तीर्ण होना आवश्यक है।
प्रशिक्षण प्राप्त करने के इच्छुक अभ्यर्थी अपनी सुविधा के अनुसार संयुक्त निदेशक, औद्यानिक प्रयोग एवं प्रशिक्षण केन्द्र, सहारनपुर/बस्ती अथवा अधीक्षक, राजकीय उद्यान, प्रयागराज के कार्यालय में निर्धारित प्रपत्र पर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 16 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।
आवेदन के साथ चरित्र प्रमाण-पत्र जरूरी
अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र के साथ दो संभ्रांत व्यक्तियों अथवा राजपत्रित अधिकारी द्वारा प्रदत्त चरित्र प्रमाण-पत्र संलग्न करना अनिवार्य होगा। निर्धारित शर्तों के अनुसार आवेदन पूर्ण रूप से भरकर समय सीमा के भीतर संबंधित कार्यालय में जमा करना होगा।
विकास भवन में मिलेगी प्रशिक्षण संबंधी जानकारी
प्रशिक्षण कार्यक्रम से संबंधित विस्तृत जानकारी प्राप्त करने के लिए इच्छुक अभ्यर्थी किसी भी कार्य दिवस में विकास भवन, माती, कमरा संख्या-312, कानपुर देहात में संपर्क कर सकते हैं।
इसके अतिरिक्त अभ्यर्थी प्रशिक्षण से संबंधित जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 7652024326 एवं 6392626116 पर भी संपर्क कर सकते हैं।