पीड़ितों को न्याय का भरोसा दिलाते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं न्यायपूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश
संवाददाता / कानपुर देहात
कानपुर देहात। आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं न्यायपूर्ण निस्तारण के लिए पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने गुरुवार को अपने कार्यालय में जनसुनवाई की। इस दौरान विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों को लेकर पहुंचे फरियादियों और पीड़ितों को पुलिस अधीक्षक ने सम्मानपूर्वक बैठाकर उनकी समस्याएं गंभीरता से सुनीं।
जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ने फरियादियों की शिकायतों एवं प्रार्थना पत्रों को ध्यानपूर्वक समझते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का न्यायपूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा फरियादियों को अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े।
पुलिस अधीक्षक ने शिकायतकर्ताओं को उनकी समस्याओं के उचित समाधान का भरोसा दिलाते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन आमजन की शिकायतों के प्रति गंभीर है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रार्थना पत्र पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए उसकी प्रभावी मॉनिटरिंग भी सुनिश्चित की जाए।
क्षेत्राधिकारियों ने भी अपने कार्यालयों में की जनसुनवाई
इसी क्रम में जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारीगण द्वारा भी अपने-अपने कार्यालयों में जनसुनवाई की गई। क्षेत्राधिकारियों ने अपने कार्यालयों में पहुंचे फरियादियों एवं पीड़ितों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित मामलों में नियमानुसार न्यायोचित कार्रवाई किए जाने का भरोसा दिलाया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनसुनवाई के माध्यम से आमजन की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर सुना जा रहा है, ताकि लोगों को समय से न्याय मिल सके और पुलिस के प्रति उनका विश्वास और मजबूत हो।