जिलाधिकारी ने जनसुनवाई में सुनीं जनसमस्याएं, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश

राजस्व, भूमि विवाद, विकास कार्य, विद्युत, सड़क, पेयजल और पुलिस से जुड़ी शिकायतों पर अधिकारियों को दिए निर्देश

संवाददाता / कानपुर देहात

कानपुर देहात। जिलाधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट कपिल सिंह ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई के दौरान जनसामान्य की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अलग-अलग विभागों से संबंधित शिकायतें एवं प्रार्थना पत्र जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए। इनमें प्रमुख रूप से राजस्व, भूमि विवाद, विकास कार्य, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं, विद्युत, पेयजल, सड़क, पुलिस एवं अन्य जनहित से जुड़े मामले शामिल रहे।

जिलाधिकारी ने प्राप्त शिकायतों का विभागवार परीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण का शासन की मंशा के अनुरूप प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं को निर्धारित समयावधि के भीतर संतोषजनक समाधान उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कहा कि जनसुनवाई शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान कराना जिला प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहकर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण की नियमित समीक्षा करने तथा ऐसे मामलों में विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, जिनमें मौके पर जाकर जांच एवं कार्रवाई की आवश्यकता हो। जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिलना ही शिकायत निस्तारण का मुख्य उद्देश्य होना चाहिए।

जनसुनवाई के दौरान जनपद स्तरीय अधिकारी, समस्त उप जिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी तथा नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को जनशिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *