गोवंशों के भरण-पोषण, चारा, पानी और साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश
संवाददाता / कानपुर देहात
कानपुर देहात। मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जनपद में संचालित गौशालाओं की व्यवस्थाओं एवं संचालन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में गौशालाओं में निराश्रित गोवंशों के संरक्षण और उन्हें उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने जनपद की समस्त गौशालाओं में निराश्रित गोवंशों के संरक्षण, भरण-पोषण, हरे चारे, भूसे, स्वच्छ पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि गौशालाओं में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए और गोवंशों के रख-रखाव से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं शासन की मंशा के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं।
उन्होंने कहा कि गौशालाओं का नियमित रूप से निरीक्षण किया जाए और वहां उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए। गोवंशों के लिए पर्याप्त मात्रा में चारा, भूसा एवं स्वच्छ पानी की उपलब्धता बनाए रखने के साथ ही गौशाला परिसर की नियमित साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए।
सीडीओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गोवंशों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी की जाए तथा बीमार या कमजोर गोवंशों को समय पर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने गौशालाओं में प्रकाश एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को गौशालाओं की व्यवस्थाओं की सतत निगरानी करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या सामने आने पर इसकी सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को उपलब्ध कराई जाए और उसका समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि गौशालाओं में संरक्षित गोवंशों के संरक्षण एवं बेहतर रख-रखाव में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी संबंधित अधिकारी अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखें।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।