हॉकी, बैडमिंटन, साइकिल रेस और कुश्ती प्रतियोगिताओं में खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम
संवाददाता | कानपुर देहात
कानपुर देहात। खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय खेल दिवस एवं भारतीय खेल प्राधिकरण द्वारा संचालित ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ अभियान के अंतर्गत जनपद कानपुर देहात में 29 से 31 अगस्त 2026 तक विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
जिला क्रीड़ाधिकारी नीलम सिद्दीकी ने बताया कि प्रतियोगिताओं का आयोजन प्रतिदिन प्रातः 8 बजे से जिला खेल कार्यालय, कानपुर देहात में किया जाएगा। प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने के लिए खिलाड़ियों से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। प्रतियोगिताओं में विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
तीन दिनों तक होंगी विभिन्न प्रतियोगिताएं
29 अगस्त 2026:
- हॉकी अंडर-14
- बैडमिंटन अंडर-18
- बैडमिंटन अंडर-35
- बैडमिंटन 35 वर्ष से अधिक आयु वर्ग
- बालक/पुरुष वर्ग
30 अगस्त 2026:
- सण्डे ऑन साइकिल रेस
31 अगस्त 2026:
- कुश्ती प्रतियोगिता — बालक वर्ग
जिला क्रीड़ाधिकारी ने जनपद के खिलाड़ियों, युवाओं एवं खेल प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक एवं मानसिक विकास का माध्यम ही नहीं हैं, बल्कि इससे अनुशासन, टीम भावना एवं नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है।
उन्होंने बताया कि जनपद के इच्छुक खिलाड़ी निर्धारित तिथियों पर समय से जिला खेल कार्यालय पहुंचकर प्रतियोगिताओं में निःशुल्क प्रतिभाग कर सकते हैं।