मुख्य विकास अधिकारी ने विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय से लंबित कार्य जल्द पूरा करने के दिए निर्देश
संवाददाता | कानपुर देहात
कानपुर देहात। जिलाधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट कपिल सिंह के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल की अध्यक्षता में विद्युत लाइनों को हटाने एवं विस्थापित किए जाने से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट स्थित मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार में आयोजित की गई। बैठक में विद्युत लाइनों से जुड़े कार्यों के चिन्हीकरण, वर्तमान प्रगति एवं अवशेष कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई। इस दौरान अधीक्षण अभियंता विद्युत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने विद्युत लाइनों को हटाने एवं विस्थापित किए जाने से संबंधित लंबित कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करते हुए सभी अवशेष कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी तरीके से पूर्ण कराने पर विशेष जोर दिया।
मुख्य विकास अधिकारी ने बेसिक शिक्षा विभाग, माध्यमिक शिक्षा विभाग एवं विद्युत विभाग को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए संबंधित मामलों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत विभाग को अवशेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने तथा लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
विकास एवं जनहित के कार्यों में देरी बर्दाश्त नहीं
मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट कहा कि विकास एवं जनहित से जुड़े कार्यों में अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं होगा। सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समयसीमा में कार्यों को पूरा कराना सुनिश्चित करें।
बैठक में संबंधित विभागों द्वारा अब तक की गई प्रगति एवं आगामी कार्ययोजना पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक बृजभूषण चौधरी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय सहित विद्युत विभाग के अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।