भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का उत्तर प्रदेश में दो दिवसीय दौरा आज से

24 और 25 अगस्त को भारत निर्वाचन आयोग का प्रतिनिधिमंडल लखनऊ में करेगा दौरा

संवाददाता | कानपुर देहात

कानपुर देहात। उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में आयोग का प्रतिनिधिमंडल 24 एवं 25 अगस्त 2026 को उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर रहेगा। प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त श्री मनीष गर्ग, महानिदेशक (मीडिया) श्री आशीष गोयल, महानिदेशक (आईटी) डॉ. सीमा खन्ना सहित आयोग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त के दौरे का प्रमुख उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया को जमीनी स्तर पर और अधिक सुदृढ़ करना, युवाओं एवं भावी मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ना, उनमें निर्वाचन साक्षरता को बढ़ावा देना तथा निर्वाचन तंत्र की महत्वपूर्ण कड़ी बूथ लेवल अधिकारियों (BLOs) के साथ संवाद कर उनके अनुभवों एवं सुझावों से सीधे रूबरू होना है।

विद्यार्थियों के साथ संवाद एवं ELC 2.0 सम्मेलन

दौरे के प्रथम दिन 24 अगस्त को पूर्वाह्न मुख्य निर्वाचन आयुक्त कॉल्विन तालुकदार कॉलेज के अवध सभागार में विद्यार्थियों के साथ संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे। उल्लेखनीय है कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त की प्रारंभिक शिक्षा कॉल्विन तालुकदार कॉलेज में हुई है।

इसके बाद अपराह्न में लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल में आयोजित ELC 2.0 एवं ECINET पर एक दिवसीय क्षेत्रीय सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

प्रदेश में ELC एवं ECINET पर क्षेत्रीय सम्मेलन तीन चरणों में लखनऊ, मेरठ एवं वाराणसी में आयोजित किया जाएगा। प्रथम चरण में लखनऊ में आयोजित सम्मेलन में 20 जनपदों के उप जिला निर्वाचन अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक एवं मीडिया नोडल अधिकारी प्रतिभाग करेंगे।

इन 20 जनपदों के 120 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के 440 शैक्षणिक संस्थानों से लगभग 1,500 विद्यार्थी, शिक्षक, प्राचार्य एवं संस्थान प्रमुख सम्मेलन में शामिल होंगे। कार्यक्रम में माध्यमिक शिक्षा, उच्च शिक्षा, व्यावसायिक एवं कौशल विकास, प्राविधिक शिक्षा तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी प्रतिभाग करेंगे।

ELC 2.0 के माध्यम से युवाओं को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ने पर जोर

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा वर्ष 2018 में SVEEP कार्यक्रम के अंतर्गत निर्वाचन साक्षरता क्लब (ELC) की शुरुआत की गई थी। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवा नागरिकों को लोकतांत्रिक मूल्यों, निर्वाचन प्रक्रिया तथा निर्वाचन आयोग की भूमिका एवं कार्यप्रणाली से परिचित कराना था।

सूचना एवं संचार के बदलते परिवेश तथा युवाओं के बढ़ते डिजिटल जुड़ाव को देखते हुए अब ELC कार्यक्रम को ELC 2.0 के रूप में पुनर्परिभाषित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में ELCs को वर्षभर सक्रिय, अनुभवात्मक एवं डिजिटल रूप से सक्षम मंच के रूप में विकसित करना है।

सम्मेलन को अनुभवात्मक एवं सहभागी बनाने के लिए तीन स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें प्रतिभागियों को मतदाता पंजीकरण, मतदान प्रक्रिया एवं मतगणना प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी लाइव डेमो के माध्यम से दी जाएगी। साथ ही ECINET के डिजिटल इकोसिस्टम तथा नए ELC पोर्टल के माध्यम से शैक्षणिक संस्थानों की ELC 2.0 में ऑनबोर्डिंग प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी।

आयोग की विभिन्न पहलों, नवाचारों एवं महत्वपूर्ण उपलब्धियों को प्रदर्शित करने वाली विशेष प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी। इसके अतिरिक्त ELC 2.0 के विजन, मिशन, प्रमुख विशेषताओं एवं कार्य ढांचे के साथ भारतीय निर्वाचन प्रक्रिया और ECINET प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

युवाओं को मतदाता पंजीकरण के लिए किया जाएगा प्रेरित

मतदाता साक्षरता क्लबों के माध्यम से ऐसे छात्र-छात्राओं को मतदाता पंजीकरण के लिए प्रेरित किया जाएगा, जो मतदाता के रूप में पंजीकरण की पात्रता प्राप्त कर चुके हैं अथवा निकट भविष्य में पात्र होने वाले हैं। इसके साथ ही युवाओं में अपने मताधिकार के महत्व, नैतिक मतदान एवं लोकतांत्रिक प्रक्रिया में जिम्मेदार सहभागिता की भावना विकसित करने पर जोर दिया जाएगा।

25 अगस्त को BLOs से सीधा संवाद करेंगे मुख्य निर्वाचन आयुक्त

दौरे के दूसरे दिन 25 अगस्त को मुख्य निर्वाचन आयुक्त लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मॉर्स हॉल में लखनऊ एवं आसपास के जनपदों के लगभग 500 बूथ लेवल अधिकारियों (BLOs) के साथ सीधा संवाद करेंगे।

बूथ लेवल अधिकारी निर्वाचन तंत्र एवं मतदाता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। मतदाता सूची को अद्यतन रखने, पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची से जोड़ने, मतदाताओं से घर-घर संपर्क करने तथा मृत, स्थानांतरित एवं अन्य आवश्यक प्रविष्टियों के जमीनी स्तर पर सत्यापन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में BLOs की भूमिका महत्वपूर्ण है।

उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री नवदीप रिणवा ने बताया कि प्रदेश में आयोजित होने वाला यह दो दिवसीय कार्यक्रम एक ओर विद्यार्थियों एवं भावी मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया की व्यावहारिक समझ से जोड़ने का अवसर प्रदान करेगा, वहीं दूसरी ओर बूथ लेवल अधिकारियों के जमीनी अनुभवों एवं सुझावों के माध्यम से निर्वाचन प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी, सुगम एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में सार्थक संवाद का मंच बनेगा।

उन्होंने बताया कि प्रदेश के अन्य चरणों में भी ELC एवं ECINET क्षेत्रीय सम्मेलन इसी प्रकार आयोजित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *