संवाददाता | उरई/जालौन
जालौन। मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर सभागार से पीएम पोषण योजना के अंतर्गत कार्यरत मिड-डे मील रसोइयों के सम्मान समारोह में प्रदेश के 3.54 लाख रसोइयों को रक्षाबंधन से पहले महत्वपूर्ण सौगातें प्रदान कीं। इस अवसर पर रसोइयों के लिए कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम का भी शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का सजीव प्रसारण विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, विधान परिषद सदस्य के प्रतिनिधि आर.पी. निरंजन, विधान परिषद सदस्य के प्रतिनिधि मयंक त्रिपाठी, अपना दल (एस) जिलाध्यक्ष अनिल कुदारी, राष्ट्रीय लोक दल जिलाध्यक्ष ध्रुव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास चौधरी, जिला विकास अधिकारी प्रशांत पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में रसोइया बहनों द्वारा देखा एवं सुना गया।
रसोइयों के लिए चार बड़ी सौगातें
मुख्यमंत्री द्वारा रसोइयों के हित में एक साथ चार महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं। इसके तहत रसोइयों का मानदेय ₹2,000 से बढ़ाकर ₹3,000 प्रतिमाह कर दिया गया है। दुर्घटना की स्थिति में ₹2 लाख तक की सहायता राशि स्टेट बैंक के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी।
इसके अलावा प्रत्येक पात्र रसोइया एवं उनके आश्रितों को प्रतिवर्ष ₹5 लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं, वस्त्र एवं परिधान के लिए दी जाने वाली वार्षिक राशि को ₹500 से बढ़ाकर ₹1,000 कर दिया गया है।
रसोइया बहनों के सम्मान एवं सामाजिक सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि पीएम पोषण योजना के माध्यम से रसोइया बहनें विद्यालयों में बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके स्वस्थ एवं बेहतर भविष्य की नींव मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा रसोइयों के मानदेय में वृद्धि, कैशलेस चिकित्सा सुविधा एवं दुर्घटना सहायता जैसी सौगातें प्रदान किया जाना उनके सम्मान एवं सामाजिक सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। शासन द्वारा प्रदान की गई इन सुविधाओं का लाभ पात्र रसोइयों को पूरी पारदर्शिता एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जाएगा।
जालौन में 3,306 रसोइयों को मिलेगा लाभ
जनपद जालौन में पीएम पोषण योजना के अंतर्गत 3,306 रसोइयाएं कार्यरत हैं। मुख्यमंत्री द्वारा घोषित सुविधाओं का लाभ जनपद की सभी पात्र रसोइयों को मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान रसोइया बहनों के चेहरों पर खुशी एवं उत्साह साफ दिखाई दिया। उपस्थित रसोइयों ने मानदेय में वृद्धि, कैशलेस चिकित्सा सुविधा, दुर्घटना सहायता एवं अन्य सौगातों के लिए मुख्यमंत्री एवं प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पात्र रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड भी वितरित किए गए।