सार्वजनिक स्थानों पर महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं कानूनी अधिकारों को लेकर चलाया गया जागरूकता अभियान

संवाददाता | कानपुर देहात

कानपुर देहात। मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बाजारों, सार्वजनिक स्थलों तथा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को आवश्यक जानकारी दी गई।

जागरूकता अभियान के दौरान सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण, कानूनी अधिकारों तथा विभिन्न प्रकार के अपराधों से बचाव के उपायों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। पुलिस टीमों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को 181 महिला हेल्पलाइन, 1090 महिला शक्ति लाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 112 आपातकालीन हेल्पलाइन तथा 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सहित महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।

इसके साथ ही महिलाओं को UPCOP ऐप के माध्यम से उपलब्ध पुलिस सेवाओं का त्वरित लाभ लेने के बारे में बताया गया। सोशल मीडिया एवं इंटरनेट के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों, जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी प्रोफाइल/खाते बनाकर की जाने वाली धोखाधड़ी आदि से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों के बारे में भी जागरूक किया गया।

पुलिस टीमों द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों के संबंध में भी जानकारी दी गई। इस दौरान POCSO अधिनियम, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा साइबर अपराधों से संबंधित सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के महत्वपूर्ण प्रावधानों के बारे में बताया गया।

मिशन शक्ति फेज-5 के अंतर्गत उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करने की दिशा में लगातार जागरूकता अभियान संचालित किए जा रहे हैं। अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना, उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना तथा अपराधों की रोकथाम के लिए प्रभावी पुलिसिंग को मजबूत करना है।

कानपुर देहात पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा, उत्पीड़न अथवा अपराध की स्थिति में बिना किसी संकोच के तत्काल निकटतम पुलिस थाने अथवा संबंधित हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें। पुलिस द्वारा उनकी शिकायत पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *