पराविधिक स्वयं सेवक (PLV) के 50 पदों पर भर्ती, 11 सितंबर तक करें आवेदन

संवाददाता
कानपुर देहात

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कानपुर देहात में विधिक जागरूकता एवं प्रचार-प्रसार के लिए पराविधिक स्वयं सेवक (PLV) की नवीन नियुक्ति की जाएगी। सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नूपुर श्रीवास्तव ने बताया कि उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में चयन समिति का गठन किया गया है।

इस भर्ती के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, वन स्टॉप सेंटर, महिला थाना, जिला चिकित्सालय, मानव तस्करी विरोधी इकाई, जिला सैनिक कल्याण बोर्ड, फ्रंट ऑफिस, जनपद की समस्त तहसीलों तथा तहसील घाटमपुर एवं बिल्हौर, कानपुर नगर के लिए कुल 50 पराविधिक स्वयं सेवकों का चयन किया जाएगा।

PLV के लिए सरकारी अथवा निजी विद्यालय एवं महाविद्यालय के शिक्षक/लेक्चरर, सेवानिवृत्त शिक्षक एवं लेक्चरर, सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारी, वरिष्ठ नागरिक, मास्टर ऑफ सोशल वर्क (M.S.W.) के शिक्षक एवं विद्यार्थी, स्नातक एवं विधि स्नातक के विद्यार्थी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा बहू, सरकारी अथवा निजी चिकित्सक, सरकारी कर्मचारी, विभिन्न विभागों के फील्ड अधिकारी, गैर-राजनीतिक संस्थाओं/एनजीओ के सदस्य एवं वालंटियर, सामाजिक कार्यकर्ता, ट्रांसजेंडर, को-ऑपरेटिव सोसायटी एवं ट्रेड यूनियन के सदस्य सहित अन्य पात्र व्यक्ति आवेदन कर सकते हैं।

इच्छुक अभ्यर्थी 13 अगस्त 2026 से आवेदन फॉर्म जनपद की अधिकृत वेबसाइट kanpur Dehat District Court की वेबसाइट अथवा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कानपुर देहात के कार्यालय से निःशुल्क प्राप्त कर सकते हैं।

आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 11 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। अंतिम तिथि के बाद प्राप्त होने वाले आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *