संवाददाता
कानपुर देहात
जनपद में अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम तथा चोरी, लूट, छिनैती और टप्पेबाजी की घटनाओं के खुलासे के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रसूलाबाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सिद्ध बाबा बनकर लोगों को झांसे में लेकर जेवरात एवं नकदी ठगने वाले गिरोह के दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस, सोने-पीली धातु के आभूषण, चांदी की तोड़िया, नकदी तथा घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
थाना रसूलाबाद क्षेत्र के ग्राम रामपुर एवं अंगदपुर मोड़, शिवली रोड पर दंपत्ति को झांसे में लेकर धमकाते हुए जेवरात एवं रुपये लेकर फरार होने की घटनाओं के संबंध में मु0अ0सं0 313/2026 धारा 308(5) बीएनएस तथा मु0अ0सं0 315/2026 धारा 308(2) बीएनएस पंजीकृत किए गए थे। अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही थी।
इसी क्रम में 20 अगस्त 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने रामपुर से नारखास जाने वाली रोड पर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार तीन संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस टीम द्वारा रुकने का इशारा करने पर दो आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर कर दिया और भागने का प्रयास किया। दोबारा फायर करने के लिए तमंचा लोड करते समय कारतूस नाल में फंस गया, जिसके बाद पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दो अभियुक्तों को पकड़ लिया, जबकि तीसरा अभियुक्त मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान शाहरूख पुत्र छोटे अली, निवासी नौरंगाबाद, थाना रूरा, जनपद कानपुर देहात, उम्र करीब 30 वर्ष तथा शमीर पुत्र रवि, निवासी जल्लापुर सिकंदरा, थाना राजपुर, जनपद कानपुर देहात, उम्र करीब 21 वर्ष के रूप में हुई है। फरार अभियुक्त की पहचान हुसैन पुत्र विद्धन, निवासी बैंदा, थाना घाटमपुर, जनपद कानपुर नगर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे अपने साथी हुसैन के साथ मिलकर सिद्ध बाबा बनकर लोगों को अपने झांसे में लेते थे। हुसैन आगे-आगे चलता था और दोनों आरोपी पीछे रहकर उसे सिद्ध बाबा तथा हरिद्वार से आया हुआ बताकर लोगों का विश्वास जीतते थे। इसके बाद अनहोनी का भय दिखाकर महिलाओं से जेवरात एवं नकदी ठग लेते थे।
पूछताछ में अभियुक्तों ने थाना मंगलपुर, थाना रसूलाबाद, थाना सिकंदरा जनपद कानपुर देहात तथा थाना अछल्दा जनपद औरैया क्षेत्र में इसी प्रकार की घटनाएं कारित करना स्वीकार किया। पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर संबंधित घटनाओं से जुड़ा जेवरात एवं नकदी भी बरामद की है।
बरामदगी
अभियुक्त शाहरूख से—
- 01 अवैध तमंचा 315 बोर
- 02 जिंदा कारतूस एवं 01 खोखा कारतूस
- 01 बाला, 01 बाली एवं चेन का टुकड़ा
- ₹5,000 नकद
- घटना में प्रयुक्त 01 अपाचे मोटरसाइकिल
अभियुक्त शमीर से—
- 01 अवैध तमंचा 315 बोर
- 02 जिंदा कारतूस एवं 01 खोखा कारतूस
- 03 बाला एवं चेन का टुकड़ा
- 01 जोड़ी चांदी की तोड़िया
- ₹6,000 नकद
- घटना में प्रयुक्त 01 सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल
इसके अतिरिक्त मोटरसाइकिल से आभूषणों से संबंधित अन्य सामान भी बरामद किया गया है। गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर थाना रसूलाबाद में मु0अ0सं0 316/2026 धारा 109(1) बीएनएस एवं 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्तों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा प्रयास जारी हैं।
अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार शाहरूख के विरुद्ध थाना अकबरपुर, डेरापुर, रसूलाबाद, मंगलपुर, सिकंदरा एवं अछल्दा में कई अभियोग पंजीकृत हैं। वहीं शमीर के विरुद्ध भी थाना रसूलाबाद, मंगलपुर, सिकंदरा एवं अछल्दा में कई अभियोग दर्ज हैं।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम
- प्र0नि0 श्री शिवनरायन सिंह
- निरीक्षक अपराध श्री राजपाल सिंह
- व0उ0नि0 श्री राम सिंह
- उ0नि0 श्री रामकृष्ण मिश्र
- हे0का0 78 कुलदीप सिंह
- का0 227 अजयपाल
- का0 236 विनोद पुरी
- रि0का0 544 विजय