बाबा साहब आंबेडकर रोजगार प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत विकास खंडवार लक्ष्य आवंटित

संवाददाता
कानपुर देहात

वित्तीय वर्ष 2026-27 में संचालित की जा रही “बाबा साहब आंबेडकर रोजगार प्रोत्साहन योजना” के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जनपद कानपुर देहात के विभिन्न विकास खंडों को भौतिक लक्ष्य आवंटित कर दिए गए हैं। इस संबंध में मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल ने समस्त खंड विकास अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि उपायुक्त, ग्राम्य विकास, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में योजना के अंतर्गत सामान्य वर्ग एवं अनुसूचित जाति/जनजाति वर्ग के पात्र लाभार्थियों के लिए निर्धारित लक्ष्य विकास खंडवार वितरित किए गए हैं। वित्तीय वर्ष 2026-27 में जनपद कानपुर देहात को सामान्य वर्ग के 19 तथा अनुसूचित जाति/जनजाति वर्ग के 16 लाभार्थियों का लक्ष्य प्राप्त हुआ है।

उन्होंने बताया कि जनगणना वर्ष 2011 की जनसंख्या के आधार पर विभिन्न विकास खंडों के लिए लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। योजना के माध्यम से चयनित लाभार्थियों को स्वरोजगार स्थापित करने के लिए प्रोत्साहन एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसरों के सृजन के साथ ही पात्र लोगों को आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिलेगी।

मुख्य विकास अधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासनादेश में निर्धारित पात्रता एवं चयन प्रक्रिया का पूर्ण पारदर्शिता के साथ पालन करते हुए पात्र लाभार्थियों का चयन सुनिश्चित किया जाए। चयनित लाभार्थियों की सूची निर्धारित समय-सीमा के भीतर उपलब्ध कराने के साथ ही योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार भी कराया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र व्यक्ति योजना की जानकारी प्राप्त कर इसका लाभ उठा सकें।

उन्होंने कहा कि योजना का प्रमुख उद्देश्य अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पात्र वर्गों के लोगों को स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाकर स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि योजना के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और पात्र लाभार्थियों को नियमानुसार समय से योजना का लाभ उपलब्ध कराया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *