19 अगस्त को रानी लक्ष्मीबाई सभागार में आयोजित होगा किसान दिवस

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में होगी बैठक, कृषि एवं सिंचाई क्षेत्र से जुड़े अधिकारी और प्रगतिशील किसान होंगे शामिल

उरई, 18 अगस्त 2026 (सू०वि०)। उप कृषि निदेशक ने बताया कि मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन, लखनऊ के शासनादेश दिनांक 15 नवंबर 2019 एवं अपर मुख्य सचिव (कृषि), उत्तर प्रदेश शासन, लखनऊ के शासनादेश दिनांक 13 अक्टूबर 2022 के क्रम में जनपद स्तर पर किसान दिवस का आयोजन किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि 19 अगस्त 2026, दिन बुधवार को दोपहर 12:30 बजे विकास भवन, उरई स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में किसान दिवस की बैठक आयोजित की जाएगी।

बैठक में कृषि एवं सिंचाई क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारियों को प्रतिभाग करने के निर्देश दिए गए हैं। किसान दिवस के माध्यम से किसानों की समस्याओं को सुनने, उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने तथा कृषि एवं सिंचाई से जुड़ी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने पर विशेष जोर रहेगा।

बैठक में जनपद के कृषि प्रतिनिधियों एवं प्रगतिशील कृषकों को भी आमंत्रित किया गया है, ताकि वे अपनी समस्याएं एवं सुझाव अधिकारियों के समक्ष रख सकें।

उप कृषि निदेशक ने संबंधित अधिकारियों, कृषि प्रतिनिधियों एवं प्रगतिशील किसानों से निर्धारित तिथि एवं समय पर किसान दिवस की बैठक में उपस्थित होकर प्रतिभाग करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *