पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को लेकर बढ़ी जागरूकता, 77 उपभोक्ताओं ने कराया सोलर प्लांट के लिए पंजीकरण

पुखरायां, अकबरपुर एवं मलासा में आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों में करीब 295 लोगों ने लिया हिस्सा

संवाददाता
कानपुर देहात।

जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देश एवं मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल के नेतृत्व में जनपद कानपुर देहात में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनजागरूकता के लिए नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार जागरूकता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से आमजन को योजना के लाभ, सोलर पावर प्लांट की स्थापना, अनुदान, बैंक ऋण तथा ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी दी जा रही है।

जागरूकता शिविरों में यूपीनेडा एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों तथा योजना से जुड़े अधिकृत वेंडरों द्वारा उपभोक्ताओं को योजना के संबंध में जानकारी प्रदान की जा रही है। उन्हें बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत घर की छत पर सोलर पावर प्लांट स्थापित कर विद्युत खर्च में कमी लाई जा सकती है। साथ ही सौर ऊर्जा को अपनाकर स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।

शिविरों के दौरान बैंक अधिकारियों द्वारा योजना के अंतर्गत उपलब्ध वित्तीय सुविधाओं एवं बैंक ऋण के संबंध में जानकारी दी जा रही है। वहीं अधिकृत वेंडरों द्वारा सोलर पावर प्लांट की स्थापना, आवश्यक प्रक्रिया एवं पंजीकरण के बारे में उपभोक्ताओं को विस्तार से बताया जा रहा है।

295 लोगों ने लिया जागरूकता कार्यक्रमों में हिस्सा

जनपद के पुखरायां, अकबरपुर एवं मलासा क्षेत्रों में आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों में लगभग 295 लोगों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत अपने घरों पर सोलर पावर प्लांट स्थापित कराने वाले 22 उपभोक्ताओं/लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया।

वहीं लगभग 77 विद्युत उपभोक्ताओं ने अधिकृत वेंडरों के माध्यम से सोलर पावर प्लांट की स्थापना के लिए पंजीकरण कराया है। पंजीकरण कराने वाले उपभोक्ताओं के यहां सोलर पावर प्लांट स्थापित कराने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है।

इन स्थानों पर आयोजित होंगे आगामी जागरूकता कैंप

योजना के प्रचार-प्रसार एवं अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ दिलाने के लिए आगामी दिनों में भी जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे।

  • 19 अगस्त 2026 — विकासखंड डेरापुर, दोपहर 12:30 बजे
  • 21 अगस्त 2026 — नगर पंचायत रनियां, पूर्वाह्न 11:30 बजे
  • 24 अगस्त 2026 — विकासखंड सरवनखेड़ा, दोपहर 12:30 बजे

इन जागरूकता कैंपों में आमजन को योजना की पात्रता, आवेदन एवं पंजीकरण प्रक्रिया, सोलर पावर प्लांट की स्थापना, अनुदान तथा बैंक ऋण से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इच्छुक विद्युत उपभोक्ताओं को मौके पर ही पंजीकरण कराने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

सौर ऊर्जा अपनाने के लिए किया गया आह्वान

यूपीनेडा द्वारा जनपदवासियों से अपील की गई है कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने घरों की छत पर सोलर पावर प्लांट स्थापित कर विद्युत खर्च को कम करने के साथ-साथ स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने में सहभागी बनें।

योजना से संबंधित अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए इच्छुक उपभोक्ता आगामी जागरूकता कैंपों में पहुंचकर संबंधित अधिकारियों एवं अधिकृत वेंडरों से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *