हज यात्रियों को प्रशिक्षण देने के लिए प्रशिक्षकों के चयन हेतु ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित

23 अगस्त 2026 तक किए जा सकेंगे ऑनलाइन आवेदन, 30 अगस्त को होगी कंप्यूटर आधारित परीक्षा

कानपुर देहात, 17 अगस्त 2026। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी प्रशान्त साहू ने बताया कि हज यात्रियों को प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए प्रशिक्षकों के चयन हेतु ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह प्रक्रिया सचिव/कार्यपालक अधिकारी, उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति, लखनऊ एवं हज कमेटी ऑफ इंडिया के निर्देशों के तहत संचालित की जा रही है।

उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित योग्यता एवं शर्तों के अनुसार 23 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन केवल हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट hajcommittee.in के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

महत्वपूर्ण तिथियां

  • ऑनलाइन आवेदन प्रारंभ होने की तिथि — 11 अगस्त 2026
  • ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि — 23 अगस्त 2026
  • कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) — 30 अगस्त 2026
  • शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार — 01 से 06 सितंबर 2026
  • चयनित प्रशिक्षकों का दो दिवसीय प्रशिक्षण — सितंबर 2026 के अंतिम सप्ताह में मुंबई में संभावित

चयन एवं पात्रता की प्रमुख शर्तें

हज यात्रियों की संख्या के आधार पर 150 हज आवेदकों पर एक प्रशिक्षक का चयन किया जाएगा। प्रशिक्षक पद के लिए अभ्यर्थी की न्यूनतम शैक्षिक योग्यता इंटरमीडिएट/12वीं पास या समकक्ष होना आवश्यक है। स्नातक अभ्यर्थियों को, जिन्हें सूचना प्रौद्योगिकी का ज्ञान है, साक्षात्कार में 05 अतिरिक्त अंक दिए जाएंगे।

अभ्यर्थी की आयु 07 अगस्त 2026 को 25 से 60 वर्ष के बीच होनी चाहिए। पुरुष एवं महिला प्रशिक्षकों का चयन पुरुष एवं महिला हज यात्रियों की संख्या के अनुपात में किया जाएगा।

प्रशिक्षक पद के लिए अभ्यर्थी का पिछले पांच वर्षों में हज किया हुआ होना आवश्यक है। इसके प्रमाण के रूप में वीजा, पासपोर्ट के संबंधित पृष्ठ अथवा हज कमेटी द्वारा जारी प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना होगा।

अभ्यर्थी को हिंदी, उर्दू, अंग्रेजी एवं स्थानीय भाषा बोलने तथा समझने में दक्ष होना चाहिए। इसके साथ ही मानसिक एवं शारीरिक रूप से पूर्णतः स्वस्थ होना, कंप्यूटर का पर्याप्त ज्ञान होना तथा हज सुविधा ऐप की जानकारी होना आवश्यक है। चयन होने की स्थिति में सरकारी चिकित्सक द्वारा जारी फिटनेस प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना होगा।

इसके अतिरिक्त अभ्यर्थी को हज के अरकान की जानकारी, भीड़ अथवा समूह को संबोधित एवं नियंत्रित करने का अनुभव होना आवश्यक है। आवेदक के विरुद्ध किसी भी आपराधिक प्रकरण में कार्रवाई लंबित नहीं होनी चाहिए। इसके प्रमाण के लिए आवेदक को स्व-अभिप्रमाणित हलफनामा देना होगा।

परीक्षा एवं चयन प्रक्रिया

प्रशिक्षकों का चयन कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) में प्राप्त 100 अंक एवं साक्षात्कार में प्राप्त 20 अंकों के संयुक्त मेरिट के आधार पर किया जाएगा। चयन प्रक्रिया में सफल होने के लिए CBT एवं साक्षात्कार में अलग-अलग न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा।

कंप्यूटर आधारित परीक्षा में निर्धारित पाठ्यक्रम के आधार पर 50 प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा के लिए एक घंटे का समय निर्धारित किया गया है। प्रत्येक प्रश्न 02 अंक का होगा तथा प्रत्येक गलत उत्तर के लिए 0.50 अंक की कटौती की जाएगी।

जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि के भीतर केवल ऑनलाइन माध्यम से आवेदन करें तथा आवेदन करने से पहले सभी पात्रता एवं आवश्यक शर्तों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *