पुरुष वर्ग में 5 किमी और महिला वर्ग में 3 किमी की होगी दौड़, प्रथम छह स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को मिलेगा पुरस्कार
संवाददाता | उरई/जालौन
उरई, 11 अगस्त 2026। क्रीड़ा अधिकारी शैलेन्द्र कुशवाहा ने बताया कि खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशानुसार एवं जिलाधिकारी की अध्यक्षता में 6 अगस्त 2026 को आयोजित बैठक में दिए गए निर्देशों के क्रम में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त 2026 को जिला स्तरीय क्रॉस कंट्री दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रातः 8 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके उपरांत जिला प्रशासन के सहयोग से जिला खेल कार्यालय, इंदिरा स्टेडियम उरई के तत्वावधान में 5 किलोमीटर पुरुष वर्ग एवं 3 किलोमीटर महिला वर्ग की जिला स्तरीय क्रॉस कंट्री दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता का आयोजन इंदिरा स्टेडियम से कालपी रोड पर प्रातः 9:30 बजे से किया जाएगा।
पुरुष एवं महिला वर्ग के लिए निर्धारित रूट
क्रीड़ा अधिकारी ने बताया कि पुरुष वर्ग की क्रॉस कंट्री दौड़ इंदिरा स्टेडियम उरई के मुख्य द्वार से प्रारंभ होकर कालपी रोड स्थित मारुति सुजुकी कार एजेंसी तक जाएगी और वहां से वापस इंदिरा स्टेडियम के मुख्य द्वार पर आकर समाप्त होगी।
वहीं महिला वर्ग की दौड़ इंदिरा स्टेडियम से प्रारंभ होकर एस.आर. पब्लिक स्कूल मोड़ तक जाएगी और वहां से वापस इंदिरा स्टेडियम में आकर समाप्त होगी।
अधिक से अधिक खिलाड़ियों से प्रतिभाग करने की अपील
क्रीड़ा अधिकारी ने जनपद के सभी प्रधानाचार्यों, प्राचार्यों, खेल संघों एवं खेल क्लबों से अपील की है कि वे अपने-अपने विद्यालय एवं संस्थानों के पुरुष एवं महिला खिलाड़ियों को इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने के लिए भेजें।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम छह स्थान प्राप्त करने वाले पुरुष एवं महिला खिलाड़ियों को खेल विभाग द्वारा पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
निःशुल्क होगा पंजीकरण
प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के इच्छुक पुरुष एवं महिला खिलाड़ी 15 अगस्त 2026 को प्रातः 8:30 बजे से इंदिरा स्टेडियम उरई में उपस्थित होकर अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। पंजीकरण के बाद खिलाड़ियों को चेस्ट नंबर उपलब्ध कराया जाएगा, जिसके आधार पर वे प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर सकेंगे।
क्रीड़ा अधिकारी ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए प्रवेश एवं पंजीकरण पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। उन्होंने जनपद के खेलप्रेमी खिलाड़ियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर खेल भावना एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का परिचय दें।