राजपुर ब्लॉक में कन्या जन्मोत्सव, बाल कल्याण बैठक एवं हर घर तिरंगा रैली का आयोजन

नवजात बालिकाओं की माताओं को वितरित की गई बेबी केयर किट, बालिका शिक्षा एवं सुरक्षा को लेकर किया गया जागरूक

संवाददाता | कानपुर देहात

कानपुर देहात। जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी के मार्गदर्शन तथा जिला प्रोबेशन अधिकारी के नेतृत्व में मंगलवार को विकासखंड राजपुर में कन्या जन्मोत्सव, ब्लॉक बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक तथा हर घर तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, बाल संरक्षण, महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर लोगों को जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत पांच नवजात बालिकाओं का कन्या जन्मोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर नवजात बालिकाओं की माताओं को बेबी केयर किट वितरित की गईं। कार्यक्रम में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी द्वारा पीसीपीएनडीटी एक्ट तथा केंद्र सरकार द्वारा संचालित संबंधित योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।

जिला मिशन समन्वयक द्वारा उपस्थित महिलाओं एवं पुरुषों को बेटा-बेटी में किसी भी प्रकार का भेदभाव न करने के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने कहा कि बालिकाओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के समान अवसर दिए जाने चाहिए तथा उन्हें बालकों के समकक्ष समझते हुए उनके अधिकारों एवं सम्मान का पूरा ध्यान रखा जाना चाहिए। साथ ही कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक कुरीति के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया।

नवजात बालिकाओं के माता-पिता को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की प्रथम श्रेणी के संबंध में जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन करने हेतु प्रेरित किया गया।

बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक में दिए गए महत्वपूर्ण निर्देश

इसके बाद विकासखंड राजपुर के सभागार में खंड विकास अधिकारी की अध्यक्षता में ब्लॉक बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति तथा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना की द्वितीय त्रैमासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में विकासखंड के विभिन्न केंद्रों से आई आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को बालकों की देखरेख, संरक्षण, उपचार, विकास एवं पुनर्वास तथा उनकी मूलभूत आवश्यकताओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

बैठक के दौरान बच्चों को यौन अपराधों से संरक्षण प्रदान करने वाले पॉक्सो अधिनियम-2012, बाल विवाह से होने वाले नुकसान तथा थानों में संचालित महिला हेल्पडेस्क के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई। प्रभारी बाल विकास परियोजना अधिकारी द्वारा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के संबंध में विस्तृत चर्चा करते हुए योजना के उद्देश्यों एवं लाभों की जानकारी दी गई।

जिला प्रोबेशन कार्यालय से जिला मिशन समन्वयक ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना पर चर्चा करते हुए लंबे समय से गिरते लिंगानुपात के कारणों तथा बालिकाओं के प्रति होने वाले भेदभाव को समाप्त करने की आवश्यकता पर जोर दिया। महिलाओं की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के साथ-साथ बच्चों को गुड टच एवं बैड टच के बारे में जागरूक करने की आवश्यकता बताई गई।

उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को विद्यालयों एवं समुदाय स्तर पर इन विषयों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी

कार्यक्रम के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता द्वारा महिलाओं एवं बच्चों की सहायता के लिए उपलब्ध विभिन्न आपातकालीन सेवाओं एवं हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। इनमें 181 महिला हेल्पलाइन, 1090 महिला शक्ति लाइन, 112 आपातकालीन सेवा, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन एवं 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन प्रमुख रूप से शामिल हैं। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को जागरूकता संबंधी पंपलेट भी वितरित किए गए, ताकि वे इन जानकारियों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचा सकें।

हर घर तिरंगा रैली में भी किया गया प्रतिभाग

कार्यक्रम के दौरान हर घर तिरंगा अभियान के तहत आयोजित तिरंगा रैली में भी अधिकारियों, कर्मचारियों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं आमजन द्वारा उत्साहपूर्वक सहभागिता की गई। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर प्रतिभागियों ने राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया तथा लोगों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, प्रभारी बाल विकास परियोजना अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी पंचायत, सुपरवाइजर, चिकित्सक, जिला प्रोबेशन कार्यालय से जिला मिशन समन्वयक, लेखा सहायक, सामाजिक कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां तथा बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से बालिकाओं के सम्मान, शिक्षा एवं सुरक्षा, बाल संरक्षण, महिला सशक्तिकरण तथा राष्ट्रीय एकता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। आयोजन में उपस्थित लोगों ने बालिकाओं के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने तथा उन्हें समान अवसर प्रदान करने की दिशा में सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *