संयुक्त टीम ने 31 वाहनों पर लगाया करीब 20 लाख रुपये का जुर्माना, थाना सिकंदरा में कराया गया निरुद्ध
संवाददाता | कानपुर देहात
कानपुर देहात। जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशन में अवैध खनन, खनिज पदार्थों के अवैध परिवहन एवं ओवरलोडिंग के विरुद्ध जिला प्रशासन द्वारा लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 11 अगस्त 2026 की सुबह करीब 8 बजे तहसील सिकंदरा क्षेत्र में संयुक्त टीम द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई।
उपजिलाधिकारी सिकंदरा, सहायक संभागीय अधिकारी, यात्री कर अधिकारी एवं खान अधिकारी कानपुर देहात की संयुक्त टीम/टास्क फोर्स ने तहसील सिकंदरा क्षेत्र के गोपाल ढाबा एवं ओमी ढाबा पर खड़े वाहनों की जांच की। जांच के दौरान कई वाहन बिना रॉयल्टी, बिना वैध परिवहन प्रपत्र तथा ओवरलोडिंग की स्थिति में पाए गए।
जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संयुक्त टीम ने कुल 31 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए करीब 20 लाख रुपये का जुर्माना निर्धारित किया। कार्रवाई के बाद सभी संबंधित वाहनों को थाना सिकंदरा में जिलाधिकारी, कानपुर देहात के अग्रिम आदेश तक निरुद्ध कराया गया।
प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनन एवं खनिज पदार्थों के अवैध परिवहन में संलिप्त वाहन संचालकों में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में बिना वैध परिवहन प्रपत्र, बिना रॉयल्टी एवं निर्धारित क्षमता से अधिक भार लेकर चलने वाले वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन द्वारा अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन तथा ओवरलोडिंग पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जांच अभियान लगातार जारी रखने की बात कही गई है। अधिकारियों ने बताया कि आगे भी विभिन्न क्षेत्रों में वाहनों की जांच की जाएगी और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन स्वामियों एवं संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।