प्रशासनिक व्यवस्था को प्रभावी एवं सुचारु बनाने के उद्देश्य से किए गए स्थानांतरण
संवाददाता
उरई/जालौन
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने जनहित एवं शासकीय कार्यहित को दृष्टिगत रखते हुए जनपद के चार तहसीलदारों के स्थानांतरण के आदेश जारी किए हैं। आदेश के अनुसार सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपनी नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार तहसीलदार कालपी अभिनव तिवारी का स्थानांतरण करते हुए उन्हें तहसीलदार जालौन के पद पर तैनात किया गया है। वहीं तहसीलदार उरई श्रीश कुमार मिश्रा को तहसीलदार कालपी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी क्रम में तहसीलदार मनोज कुमार को तहसीलदार उरई के पद पर तथा तहसीलदार (न्यायिक) उरई गौरव कुमार को तहसीलदार माधौगढ़ के पद पर स्थानांतरित किया गया है।
जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश में निर्देशित किया गया है कि संबंधित तहसीलदार अपनी नवीन तैनाती वाली तहसील में प्रशासनिक एवं न्यायिक दायित्वों का निर्वहन करेंगे। साथ ही, संबंधित तहसील में तहसीलदार (न्यायिक) का पद रिक्त होने की स्थिति में नियमित तैनाती होने तक उसके दायित्वों का भी निर्वहन संबंधित अधिकारी द्वारा किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्थानांतरण का उद्देश्य जनहित एवं शासकीय कार्यों को अधिक प्रभावी और सुचारु बनाना है। सभी अधिकारियों को अपनी नवीन तैनाती पर तत्काल कार्यभार ग्रहण कर शासन एवं प्रशासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।