दिवंगत उचित दर विक्रेता की पत्नी को मिला उचित दर दुकान का आवंटन, डीएम ने सौंपा स्वीकृति पत्र

कानपुर देहात, 06 अगस्त 2026।

जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में दिवंगत उचित दर विक्रेता रामदास सिंह की पत्नी श्रीमती कलपेन्द्र सिंह को मृतक आश्रित के रूप में उचित दर दुकान आवंटन संबंधी स्वीकृति पत्र प्रदान किया।

उल्लेखनीय है कि नगर पंचायत राजपुर, तहसील सिकंदरा निवासी उचित दर विक्रेता रामदास सिंह का 12 फरवरी 2026 को आकस्मिक निधन हो गया था। उनके निधन के बाद उनकी उचित दर दुकान का अनुबंध समाप्त कर दिया गया था। इसके पश्चात उनकी पत्नी श्रीमती कलपेन्द्र सिंह ने मृतक आश्रित के रूप में उचित दर दुकान अपने नाम आवंटित किए जाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया था।

जिला स्तरीय चयन समिति की 31 जुलाई 2026 को आयोजित बैठक में प्रस्तुत आवेदन पर विचार किया गया। समिति द्वारा सर्वसम्मति से श्रीमती कलपेन्द्र सिंह के नाम उचित दर दुकान आवंटित किए जाने का निर्णय लिया गया। जिलाधिकारी की अनुमति के उपरांत उन्हें गुरुवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया।

स्वीकृति मिलने के बाद श्रीमती कलपेन्द्र सिंह द्वारा उचित दर दुकान से संबद्ध राशनकार्ड धारकों के लिए आवंटित खाद्यान्न का नियमानुसार उठान एवं वितरण किया जा सकेगा। जिलाधिकारी ने उन्हें शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं मानकों का पालन करते हुए दुकान का संचालन पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि पात्र लाभार्थियों को शासन की मंशा के अनुरूप खाद्यान्न उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उचित दर दुकान के संचालन में किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा लापरवाही न बरती जाए और लाभार्थियों को निर्धारित मात्रा में समय से खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *