छोटे दीवानी एवं पारिवारिक विवादों को आपसी सहमति से सुलझाने पर दिया जोर
संवाददाता
कानपुर देहात
कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ से प्राप्त निर्देशों के क्रम में तथा जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कानपुर देहात के मार्गदर्शन में शुक्रवार को तहसील अकबरपुर की ग्राम पंचायत तिंगाई में ग्राम लीगल एड क्लीनिक का उद्घाटन किया गया।
ग्राम लीगल एड क्लीनिक का उद्घाटन श्रीमती नूपुर श्रीवास्तव, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कानपुर देहात द्वारा किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य गांवों को Litigation Free Villages (वाद-मुक्त गांव) बनाने तथा ग्राम पंचायत स्तर पर छोटे-छोटे दीवानी एवं पारिवारिक विवादों को न्यायालय तक पहुंचने से पहले ही आपसी संवाद, समझ और सहमति के माध्यम से सुलझाना है।
कार्यक्रम के दौरान सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने ग्रामीण महिलाओं, बुजुर्गों एवं उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि छोटे-छोटे विवादों को आपसी समझौते और संवाद के माध्यम से सुलझाने से समय एवं धन दोनों की बचत होती है। उन्होंने ग्रामीणों को विधिक सहायता एवं उपलब्ध कानूनी प्रक्रियाओं की जानकारी भी दी।
उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की प्रताड़ना या उत्पीड़न की स्थिति में महिलाएं कानून का सहारा लें और आवश्यक होने पर विधिक सहायता प्राप्त करें। उन्होंने ग्रामीणों से ग्राम लीगल एड क्लीनिक का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम में ग्रामीणों को सरल एवं सुलभ तरीके से कानूनी सहायता उपलब्ध कराने तथा जरूरतमंद लोगों को विधिक सेवाओं से जोड़ने के संबंध में भी जानकारी दी गई।
इस अवसर पर महेश कुमार, ग्राम विकास अधिकारी, रूचि पाल, पंचायत सहायक, पुष्पेन्द्र कुमार यादव, लिपिक, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कानपुर देहात सहित अन्य स्टाफ एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।