सात नवजात बालिकाओं का केक काटकर मनाया जन्मोत्सव, माताओं को वितरित की गईं बेबी केयर किट
संवाददाता
कानपुर देहात
कानपुर देहात। जिलाधिकारी कपिल सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल के मार्गदर्शन तथा जिला प्रोबेशन अधिकारी के नेतृत्व में शुक्रवार को महाराणा प्रताप सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रसूलाबाद में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान सात नवजात बालिकाओं का केक काटकर कन्या जन्मोत्सव मनाया गया तथा उनकी माताओं को बेबी केयर किट वितरित की गईं।
कार्यक्रम में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी द्वारा पीसीपीएनडीटी एक्ट तथा केंद्र सरकार द्वारा संचालित संबंधित योजना के संबंध में उपस्थित लोगों को विस्तृत जानकारी दी गई। वहीं जिला मिशन समन्वयक ने महिलाओं एवं पुरुषों को बेटा-बेटी में किसी भी प्रकार का भेदभाव न करने के लिए जागरूक किया।
उन्होंने कहा कि बालिकाओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के समान अवसर दिए जाने चाहिए तथा उन्हें बालकों के समकक्ष समझा जाना चाहिए। इस दौरान लोगों को कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक कुरीति के विरुद्ध जागरूक करते हुए बालिकाओं के संरक्षण एवं शिक्षा को बढ़ावा देने की अपील की गई। साथ ही मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के पात्र लाभार्थियों के आवेदन कराए जाने के संबंध में भी विस्तृत जानकारी दी गई।
ब्लॉक स्तर पर बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक
इसके पश्चात विकासखंड रसूलाबाद के सभागार में प्रभारी खंड विकास अधिकारी की अध्यक्षता में ब्लॉक बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति तथा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना की द्वितीय त्रैमासिक बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान प्रभारी खंड विकास अधिकारी ने विकासखंड के विभिन्न केंद्रों से उपस्थित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ की शपथ दिलाई। साथ ही उन्हें अपने-अपने केंद्रों पर भी लोगों को योजना एवं बालिकाओं के अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
सदस्य बाल कल्याण समिति द्वारा किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम, 2015 एवं नियमावली, 2016 के अंतर्गत बच्चों के लिए सुरक्षित एवं सुरक्षात्मक वातावरण सुनिश्चित करने के संबंध में जानकारी दी गई।
जिला प्रोबेशन कार्यालय से जेंडर स्पेशलिस्ट ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के उद्देश्यों एवं महत्व पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को जागरूकता संबंधी पंपलेट एवं पोस्टर भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी रसूलाबाद, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी रसूलाबाद, सदस्य बाल कल्याण समिति, बाल विकास परियोजना अधिकारी के प्रतिनिधि, जिला प्रोबेशन कार्यालय से जिला मिशन समन्वयक, सेंटर मैनेजर, जेंडर स्पेशलिस्ट, सामाजिक कार्यकर्ता, सुपरवाइजर, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, आशा बहुएं तथा महिला एवं पुरुष उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं के जन्म को प्रोत्साहित करना, उनके प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना, बेटा-बेटी के बीच भेदभाव समाप्त करना तथा बालिकाओं की शिक्षा एवं सुरक्षा को बढ़ावा देना रहा।