गूगल मीट के माध्यम से क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को दिए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश
संवाददाता | उरई/जालौन
पुलिस अधीक्षक जालौन ने गूगल मीट के माध्यम से जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ वर्चुअल जनसुनवाई आयोजित कर थानों एवं पुलिस कार्यालयों में प्राप्त जनशिकायतों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न थानों में आए फरियादियों की समस्याओं की जानकारी लेते हुए उनके शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि फरियादियों को अनावश्यक रूप से थानों के चक्कर न लगाने पड़ें और प्रत्येक प्रकरण में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करते हुए उन्हें संतोषजनक न्याय दिलाया जाए।
उन्होंने सभी क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों से कहा कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। शिकायतों की नियमित समीक्षा कर उनकी प्रगति पर लगातार निगरानी रखी जाए तथा प्रत्येक मामले का समाधान शासन की मंशा के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। जनसुनवाई व्यवस्था का उद्देश्य लोगों को समय पर न्याय दिलाना तथा पुलिस और जनता के बीच विश्वास को और अधिक मजबूत करना है।