पात्र छात्र-छात्राओं के आवेदन समयबद्ध रूप से कराए जाएं, कोई भी विद्यार्थी छात्रवृत्ति से वंचित न रहे
संवाददाता | कानपुर देहात
जिलाधिकारी एवं जिला मजिस्ट्रेट कपिल सिंह की अध्यक्षता तथा मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट स्थित मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार में पूर्वदशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए कि छात्रवृत्ति पोर्टल पर संस्थाओं से संबंधित लंबित प्रोफाइल लॉक करने की प्रक्रिया तत्काल पूर्ण कराई जाए। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा निर्धारित समय-सारिणी का कड़ाई से पालन करते हुए सभी पात्र छात्र-छात्राओं के ऑनलाइन आवेदन समयबद्ध रूप से सुनिश्चित किए जाएं, ताकि कोई भी पात्र विद्यार्थी योजना के लाभ से वंचित न रहे।
जिलाधिकारी ने छात्रवृत्ति आवेदन प्रक्रिया की नियमित मॉनिटरिंग, आवेदन पत्रों का समयबद्ध एवं नियमानुसार सत्यापन तथा पात्र विद्यार्थियों को आवेदन प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग एवं शिक्षण संस्थान आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक चरण की नियमित समीक्षा करें और निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण कराएं।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि छात्रवृत्ति योजनाओं के संचालन में पारदर्शिता, समयबद्धता एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए, जिससे पात्र छात्र-छात्राओं को बिना किसी कठिनाई के छात्रवृत्ति का लाभ मिल सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी गीता सिंह, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी सुकर्मन सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक बृजभूषण चौधरी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी विकास गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।