डेरापुर तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस: जिलाधिकारी कपिल सिंह ने सुनीं 251 जनशिकायतें, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश

संवाददाता | कानपुर देहात

जनपद कानपुर देहात की समस्त तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी कपिल सिंह, पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय तथा अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिग्विजय सिंह ने तहसील डेरापुर पहुंचकर आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। इस दौरान अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का पारदर्शी, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए गए।

तहसील डेरापुर में आयोजित समाधान दिवस के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 251 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 05 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कहा कि शासन की मंशा है कि प्रत्येक नागरिक की समस्या का समाधान तय समय के भीतर हो और किसी भी शिकायतकर्ता को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों की मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच करें, तथ्यों का सत्यापन करें तथा समाधान के बाद शिकायतकर्ता से संपर्क कर उसका फीडबैक भी अवश्य प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि ही प्रशासन की कार्यप्रणाली का सबसे बड़ा पैमाना है।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही, उदासीनता अथवा अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने भूमि विवाद से जुड़े मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए और कहा कि ऐसे प्रकरणों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंचकर निष्पक्ष जांच करे तथा समयबद्ध तरीके से विवाद का समाधान सुनिश्चित करे, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो।

जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री संदर्भ, जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रेषित प्रकरणों, आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों तथा तहसील दिवस में दर्ज सभी मामलों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों एवं अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक नियमित जनसुनवाई करें, शिकायत पंजिका का सुव्यवस्थित संधारण करें तथा प्रत्येक प्रकरण की समय-समय पर समीक्षा करते हुए शिकायतकर्ताओं के साथ संवेदनशील, शालीन एवं सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करें।

जनसुनवाई के दौरान राकेश कुमार निवासी ग्राम टिकनगांव (झींझक) तथा अमित बाजपेई निवासी ग्राम सैफाबाद ने खतौनी में नाम संशोधन संबंधी प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आवश्यक कार्रवाई कर सही एवं संशोधित खतौनी दोनों शिकायतकर्ताओं को उपलब्ध कराई। त्वरित कार्रवाई से दोनों शिकायतकर्ताओं ने संतोष व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन का आभार जताया।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने तहसील डेरापुर क्षेत्र में संचालित गौशालाओं का जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा नियमित निरीक्षण कराने तथा विस्तृत आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए, ताकि गौशालाओं की व्यवस्थाओं का प्रभावी मूल्यांकन किया जा सके और आवश्यक सुधार समय पर किए जा सकें।

जनपद की अन्य सभी तहसीलों में भी प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। अधिकारियों ने आमजन की समस्याओं को सुनकर उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिग्विजय सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जयगोविन्द, उप जिलाधिकारी डेरापुर, क्षेत्राधिकारी, जिला विकास अधिकारी सुनील तिवारी, जिला परियोजना अधिकारी (डीआरडीए) अनिरुद्ध सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान ही सुशासन की पहचान है। प्रत्येक अधिकारी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ करें, ताकि जनता का प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *