संवाददाता | कानपुर देहात
श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में शनिवार को जिलाधिकारी एवं जिला मजिस्ट्रेट कपिल सिंह तथा पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडे ने डेरापुर स्थित प्राचीन श्री कपालेश्वर महादेव मंदिर का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने मंदिर परिसर, कांवड़ मार्ग, यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, श्रद्धालुओं की आवाजाही तथा सुरक्षा प्रबंधों का बारीकी से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि श्रावण मास में बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त रखी जाएं।
जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कहा कि श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा जनपद का महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन है। इसे सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई कराई जाए, पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, रात्रि के समय निर्बाध विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध रहे तथा आवश्यकता के अनुसार बैरिकेडिंग की समुचित व्यवस्था की जाए।
उन्होंने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष सतर्कता बरती जाए। संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती रहे, यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ पूरी मुस्तैदी से कार्य करें। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडे ने भी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंदिर परिसर एवं कांवड़ मार्ग पर लगातार निगरानी रखी जाए। भीड़ नियंत्रण, यातायात संचालन, महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए पुलिस बल पूरी तरह तैयार रहे, जिससे श्रद्धालु सुरक्षित एवं सुगमता के साथ अपनी धार्मिक यात्रा पूर्ण कर सकें।
निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी कपिल सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडे ने श्री कपालेश्वर महादेव मंदिर में विधि-विधान के साथ भगवान शिव की पूजा-अर्चना की तथा जनपदवासियों के सुख, समृद्धि, शांति, उत्तम स्वास्थ्य एवं खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (न्याय) दिग्विजय सिंह, उप जिलाधिकारी डेरापुर सुप्रिया गुप्ता, क्षेत्राधिकारी डेरापुर, तहसीलदार डेरापुर, अधिशासी अधिकारी डेरापुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।