संवाददाता | कानपुर देहात
मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत सोमवार को पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद की थाना पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करते हुए उन्हें सुरक्षा, कानूनी अधिकारों तथा अपराधों से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद कर उन्हें किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।
हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
जागरूकता अभियान के दौरान महिलाओं को विभिन्न आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई, जिनमें शामिल हैं—
- 181 – महिला हेल्पलाइन
- 1090 – महिला शक्ति लाइन
- 1098 – चाइल्ड हेल्पलाइन
- 112 – आपातकालीन सेवा
- 1076 – पुलिस कंट्रोल रूम
इसके अलावा UPCOP ऐप के माध्यम से उपलब्ध पुलिस सेवाओं की जानकारी भी साझा की गई, ताकि नागरिक घर बैठे विभिन्न पुलिस सेवाओं का लाभ उठा सकें।
साइबर अपराधों से बचाव के बताए उपाय
पुलिस ने महिलाओं को सोशल मीडिया और इंटरनेट के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी प्रोफाइल, ऑनलाइन धोखाधड़ी आदि से सतर्क रहने के उपाय भी बताए।
साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं को पॉक्सो (POCSO) अधिनियम, दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम से जुड़े उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी प्रदान की गई।
महिलाओं की सुरक्षा के लिए लगातार चल रहा है अभियान
कानपुर देहात पुलिस ने बताया कि मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह जागरूकता अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति को और अधिक प्रभावी बनाना है।
पुलिस ने सभी महिलाओं और बालिकाओं से अपील की है कि यदि वे किसी भी प्रकार की असुरक्षा, उत्पीड़न या अपराध का सामना करें तो बिना संकोच निकटतम पुलिस थाने या संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें, ताकि समय रहते उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।