संवाददाता
कानपुर देहात
भूजल सप्ताह के अंतर्गत जिलाधिकारी कपिल सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल के निर्देशों पर विकास खंड अकबरपुर की ग्राम पंचायत बनार अलीपुर स्थित 2.40 हेक्टेयर क्षेत्रफल वाले तालाब पर श्रमदान एवं विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। यह तालाब अमूल बनास डेयरी द्वारा गोद लिया गया है।
अभियान के दौरान तालाब की साफ-सफाई, झाड़-झंखाड़ एवं जलकुंभी हटाने के साथ-साथ तालाब के पुनरुद्धार का कार्य शुरू कराया गया। अभियान का उद्देश्य तालाब की जलधारण क्षमता बढ़ाना, वर्षा जल संचयन को प्रोत्साहित करना तथा भूजल पुनर्भरण को मजबूत बनाना है।
कार्यक्रम के दौरान भूगर्भ जल विभाग की हाइड्रोलॉजिस्ट द्वारा तालाब परिसर में पौधरोपण भी किया गया। साथ ही अधिकारियों, कर्मचारियों, ग्रामवासियों एवं अमूल बनास डेयरी के प्रतिनिधियों को वर्षा जल संचयन, भूजल संरक्षण एवं जल के विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति जागरूक किया गया।
जागरूकता कार्यक्रम में बताया गया कि पारंपरिक जल स्रोतों का संरक्षण और पुनर्जीवन भूजल स्तर में सुधार तथा भविष्य में संभावित जल संकट से निपटने के लिए अत्यंत आवश्यक है। वक्ताओं ने कहा कि जल संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और प्रत्येक नागरिक को इसे अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने वर्षा जल संचयन को अपनाने, जल की प्रत्येक बूंद का सदुपयोग करने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर “जल संरक्षण का करें संकल्प, इसका नहीं है कोई विकल्प” का संदेश देकर जनसामान्य से जल एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने की अपील की गई।