संवाददाता
उरई/जालौन
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित गरिमामय विदाई समारोह में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने अन्य जनपदों में स्थानांतरित हुए पांच उप जिलाधिकारियों हेमंत पटेल, विशेश्वर सिंह यादव, अमित शेखर, वीरेंद्र गुप्ता एवं ज्योति सिंह को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी। इस अवसर पर उनके कार्यकाल के दौरान जनहित एवं प्रशासनिक क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों की सराहना की गई।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और जनसेवा की भावना ही किसी अधिकारी की सबसे बड़ी पहचान होती है। उन्होंने कहा कि जनपद जालौन में तैनाती के दौरान सभी उप जिलाधिकारियों ने निष्ठा, लगन और पूरी ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन की सफलता टीम भावना से कार्य करने में निहित होती है और अधिकारियों की मेहनत व समर्पण के कारण ही जनपद शासन की विभिन्न रैंकिंग में लगातार टॉप-5, टॉप-10 सहित अग्रणी स्थानों पर रहा है।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने कहा कि किसी अधिकारी का वास्तविक मूल्यांकन उसके पद से नहीं, बल्कि जनता के प्रति उसकी संवेदनशीलता, निष्पक्ष कार्यशैली और प्रभावी निर्णय क्षमता से होता है।
अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी स्थानांतरित अधिकारी अपने नए कार्यस्थल पर भी पारदर्शिता, प्रतिबद्धता और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करते हुए शासन की अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे। वहीं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ने भी अधिकारियों की कार्यशैली एवं प्रशासनिक योगदान की सराहना की।
विदाई समारोह में स्थानांतरित उप जिलाधिकारियों ने जनपद जालौन में मिले सहयोग, स्नेह एवं मार्गदर्शन के लिए जिलाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जालौन में प्राप्त अनुभव उनके प्रशासनिक जीवन की अमूल्य पूंजी रहेगा तथा यहां की कार्यसंस्कृति और टीम भावना उन्हें सदैव प्रेरित करती रहेगी।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजीव राज, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) प्रेमचंद मौर्य, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी, प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।