लखनऊ। उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. नीरज बोरा ने लखनऊ के सांसद एवं केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का क्षेत्र के विकास के लिए स्वीकृत महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों से राजधानी लखनऊ सहित पूरे प्रदेश को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा।
डॉ. बोरा ने बताया कि लखनऊ आउटर रिंग रोड को फोर लेन से छह लेन में विस्तारित करने की परियोजना को मंजूरी मिल चुकी है। लगभग 4,850 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना के तहत करीब 104 किलोमीटर लंबे मार्ग का निर्माण एवं विस्तार किया जाएगा, जिससे शहर में यातायात व्यवस्था और अधिक सुगम होगी तथा जाम की समस्या में कमी आएगी।
उन्होंने बताया कि परियोजना में लगभग 4,200 करोड़ रुपये की लागत से 6-लेन एलिवेटेड सेक्शन का भी निर्माण प्रस्तावित है। इसके अतिरिक्त करीब 109 करोड़ रुपये की लागत से इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे पर फोर-लेन एलिवेटेड फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में यातायात का दबाव कम होगा और लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
विधायक ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से लखनऊ की यातायात व्यवस्था मजबूत होगी, यात्रा का समय कम होगा और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। साथ ही राजधानी और आसपास के क्षेत्रों के विकास को नया आयाम प्राप्त होगा।
डॉ. नीरज बोरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व तथा केंद्रीय मंत्रियों के सहयोग से उत्तर प्रदेश में आधारभूत संरचना का तेजी से विकास हो रहा है। उन्होंने इन परियोजनाओं को जनहित में महत्वपूर्ण बताते हुए केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।