कानपुर देहात | संवाददाता
विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर मंगलवार, 14 जुलाई 2026 को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), भोगनीपुर, कानपुर देहात में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमती पूनम दिवाकर, अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद पुखरायां द्वारा किया गया।
रोजगार मेले में जनपद के युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मेले में 196 अभ्यर्थियों ने विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों के समक्ष साक्षात्कार दिया, जिनमें 09 कंपनियों द्वारा 76 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। चयनित अभ्यर्थियों ने रोजगार का अवसर मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की।
मुख्य अतिथि श्रीमती पूनम दिवाकर ने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवा अपनी शिक्षा, तकनीकी दक्षता एवं कौशल का बेहतर उपयोग कर रोजगार के अवसरों का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि ऐसे रोजगार मेले युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा उन्हें सम्मानजनक आजीविका उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
राजकीय आईटीआई के प्रधानाचार्य कपिल मिश्र ने विश्व युवा कौशल दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने कहा कि रोजगार मेलों के माध्यम से प्रशिक्षित छात्र-छात्राओं को उद्योगों से सीधे जुड़ने का अवसर मिलता है, जिससे उन्हें रोजगार प्राप्त करने में आसानी होती है।
एमआईएस मैनेजर कृष्ण साहू ने बताया कि जनपद में समय-समय पर आयोजित रोजगार मेलों के माध्यम से तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर अनिल श्रीवास्तव, आशुतोष कुमार, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान का समस्त स्टाफ एवं विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।