वृक्षारोपण महायज्ञ-2026: राज्यमंत्री एवं जिलाधिकारी ने पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, नबीपुर में किया पौधरोपण

संवाददाता | कानपुर देहात

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में संचालित वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत जनपद कानपुर देहात में वृहद वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, नबीपुर से किया गया। जनपद में विभिन्न विभागों के सहयोग से 50.38 लाख पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिभा शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीरज रानी, अन्य जनप्रतिनिधियों, जिलाधिकारी एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री कपिल सिंह (सपरिवार) तथा संबंधित अधिकारियों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूजा-अर्चना के साथ ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत विधिवत पौधरोपण कर किया गया।

इस अवसर पर राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिभा शुक्ला ने आम, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीरज रानी ने मौलश्री, जिलाधिकारी श्री कपिल सिंह ने पीपल, जिलाधिकारी की माताजी श्रीमती सरला सिंह ने कदम तथा उनकी धर्मपत्नी श्रीमती चारू सिंह ने पीपल का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण एवं प्रकृति संवर्धन का संदेश दिया। अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भी विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए तथा पौधों के साथ सेल्फी लेकर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान राज्यमंत्री, अन्य जनप्रतिनिधियों एवं जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण से संबंधित गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। वहीं पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण विषयक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिन्हें उपस्थित लोगों ने सराहा।

अपने संबोधन में राज्यमंत्री श्रीमती प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन, पर्यावरण संरक्षण तथा जैव विविधता के संवर्धन का आधार हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

जिलाधिकारी श्री कपिल सिंह ने बताया कि जनपद में वन विभाग सहित सभी विभागों, स्थानीय निकायों, ग्राम पंचायतों, शिक्षण संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों तथा आमजन के सहयोग से 50.38 लाख पौधों का रोपण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पौधरोपण तभी सफल माना जाएगा, जब प्रत्येक पौधे की नियमित देखभाल एवं संरक्षण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत लगाए जा रहे सभी पौधों की जियो-टैगिंग, फोटोग्राफी एवं नियमित अनुश्रवण की व्यवस्था की गई है, जिससे पौधों की जीवितता सुनिश्चित की जा सके। अभियान की सफलता के लिए प्रत्येक विभाग को लक्ष्य आवंटित किए गए हैं तथा पूरे जनपद में विभिन्न स्थानों पर एक साथ वृक्षारोपण कराया जा रहा है।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, जिला स्तरीय अधिकारियों, वन विभाग, शिक्षा विभाग एवं अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक, छात्र-छात्राओं तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख श्री आशीष मिश्रा, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्री दुष्यंत कुमार मौर्य, प्रभागीय वनाधिकारी सुश्री प्रोमिला, उप जिलाधिकारी अकबरपुर, जिला विद्यालय निरीक्षक, केंद्रीय विद्यालय एवं नवोदय विद्यालय के प्राचार्य, तहसीलदार अकबरपुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएँ एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के माध्यम से जनपदवासियों से अधिकाधिक वृक्षारोपण करने तथा लगाए गए प्रत्येक पौधे के संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की गई, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित एवं सुरक्षित पर्यावरण प्रदान किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *