एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत कानपुर देहात में वृहद वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया गया संदेश

संवाददाता | कानपुर देहात

उत्तर प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व एवं शासन के निर्देशानुसार संचालित वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत जनपद कानपुर देहात में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, जनसहभागिता तथा हरित प्रदेश के संकल्प को साकार करना है।

इसी क्रम में आयुक्त ग्राम्य विकास विभाग एवं जनपद के नोडल अधिकारी श्री जी.एस. प्रियदर्शी ने मुख्य विकास अधिकारी श्री विधान जायसवाल की उपस्थिति में अमूल डेयरी, माती, विकासखंड मलासा के ग्राम अकोडी तथा विकासखंड राजपुर स्थित संविलयन विद्यालय रसधान में पौधरोपण कर अभियान का शुभारंभ किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

अमूल डेयरी परिसर में नोडल अधिकारी ने पाकड़ का पौधा रोपित करते हुए कहा कि वृक्षारोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी दीर्घकालिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पौधों का वास्तविक महत्व उनके संरक्षण, नियमित सिंचन एवं देखभाल से ही सिद्ध होता है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसे वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

पौधरोपण के उपरांत नोडल अधिकारी ने अमूल डेयरी परिसर का निरीक्षण किया तथा दुग्ध संग्रहण, प्रसंस्करण, गुणवत्ता नियंत्रण एवं विभिन्न दुग्ध उत्पादों के उत्पादन और विपणन संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने डेयरी की स्वच्छता, गुणवत्ता मानकों तथा किसानों एवं दुग्ध उत्पादकों को सशक्त बनाने में अमूल की भूमिका की सराहना की।

इसके बाद विकासखंड मलासा के ग्राम अकोडी स्थित ओपन जिम, खेल मैदान एवं गौ आश्रय स्थल के समीप विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, एनसीसी कैडेट्स, ग्राम प्रधानों, जनप्रतिनिधियों तथा ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया। सभी प्रतिभागियों ने लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का भी संकल्प दोहराया।

विकासखंड राजपुर स्थित संविलयन विद्यालय रसधान में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। विद्यालय परिसर में पौधरोपण के बाद शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, विज्ञान, नवाचार एवं स्थानीय नवप्रयोगों से संबंधित प्रदर्शनी एवं स्टॉलों का अवलोकन किया गया। नोडल अधिकारी ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के नवाचारों की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के संस्कार बचपन से विकसित किए जाने चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियाँ प्रकृति के प्रति संवेदनशील बन सकें।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं। जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने, भू-जल संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन, स्वच्छ वायु, वर्षा संतुलन तथा भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण और उनका संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि मातृत्व, प्रकृति और पर्यावरण के प्रति सम्मान एवं उत्तरदायित्व का जनआंदोलन है।

जनपद में संचालित वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सभी विभागों, ग्राम पंचायतों, शैक्षणिक संस्थानों, स्वयं सहायता समूहों, स्वयंसेवी संगठनों एवं आमजन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। अभियान के तहत लगाए गए प्रत्येक पौधे की जियो टैगिंग, संरक्षण एवं नियमित अनुश्रवण भी किया जाएगा, ताकि वृक्षारोपण के स्थायी एवं सकारात्मक परिणाम प्राप्त हो सकें।

इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार तिवारी, उपायुक्त मनरेगा अशोक कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए अनिरुद्ध सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ), संबंधित विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, एनसीसी कैडेट्स, शिक्षक, विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *