सार्वजनिक स्थानों पर महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण और कानूनी अधिकारों हेतु चलाया गया जागरूकता अभियान

संवाददाता
कानपुर देहात

मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत दिनांक 08 जुलाई 2026 को पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जनपद की थाना पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को बाजारों, सार्वजनिक स्थानों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान सैकड़ों महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण, कानूनी अधिकारों तथा अपराधों से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस टीमों ने महिला हेल्पलाइन 181, महिला शक्ति लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, इमरजेंसी सेवा 112 तथा पुलिस कंट्रोल रूम 1076 सहित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी साझा करते हुए आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान UPCOP ऐप के माध्यम से उपलब्ध पुलिस सेवाओं की जानकारी भी दी गई तथा सोशल मीडिया पर होने वाले साइबर अपराधों, जैसे फिशिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी प्रोफाइल एवं खातों के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए गए।

महिलाओं एवं बालिकाओं को POCSO एक्ट (बाल यौन शोषण से संरक्षण अधिनियम), दहेज निषेध अधिनियम, घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के अंतर्गत उपलब्ध कानूनी अधिकारों एवं सुरक्षा प्रावधानों की भी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह जागरूकता अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना, उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना तथा अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति को प्रभावी रूप से लागू करना है।

कानपुर देहात पुलिस ने सभी महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की असुरक्षा, उत्पीड़न अथवा अपराध की स्थिति में बिना संकोच निकटतम पुलिस थाने अथवा हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें, ताकि समय पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके। साथ ही सभी नागरिकों से महिला सुरक्षा एवं सम्मान के प्रति जागरूक होकर सुरक्षित, सम्मानजनक एवं सशक्त समाज के निर्माण में अपना सहयोग देने का आह्वान किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *