आज मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारम्भ, डीबीटी वितरण कार्यक्रम का होगा सीधा प्रसारण

संवाददाता
कानपुर देहात

उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार 08 जुलाई 2026 को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के शुभारम्भ एवं डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। मुख्य कार्यक्रम वाराणसी स्थित ट्रेड सेंटर में प्रातः 10:00 बजे आयोजित होगा, जिसका सजीव प्रसारण दूरदर्शन एवं मुख्यमंत्री के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से किया जाएगा।

इसी क्रम में जनपद कानपुर देहात में भी कार्यक्रम का आयोजन 08 जुलाई 2026 को प्रातः 09:00 बजे ईको पार्क, माती स्थित कम्युनिटी हॉल में किया जाएगा। कार्यक्रम में जनपद के शिक्षक, शिक्षामित्र, विशेष शिक्षक, अनुदेशक, सहायता प्राप्त विद्यालयों के शिक्षक, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की वार्डेन एवं शिक्षिकाएं, प्रधानमंत्री पोषण योजना के रसोइया तथा उनके आश्रित परिवारजन शामिल होंगे।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय ने बताया कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के माध्यम से बेसिक शिक्षा विभाग से जुड़े पात्र शिक्षकों, कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि यह योजना शिक्षकों एवं शिक्षा विभाग के कार्मिकों के स्वास्थ्य सुरक्षा को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

जिला प्रशासन द्वारा कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई हैं। कार्यक्रम के दौरान पात्र लाभार्थियों को योजना की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी तथा मुख्यमंत्री के उद्बोधन का सीधा प्रसारण भी दिखाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *