जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट में की जनसुनवाई, अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश

संवाददाता
कानपुर देहात

जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान जनपद की विभिन्न तहसीलों एवं ग्रामीण-शहरी क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने प्रत्येक प्रकरण पर संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि प्राप्त सभी प्रार्थना पत्रों को प्राथमिकता के आधार पर पंजीकृत करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनका प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी अथवा लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। यदि किसी स्तर पर उदासीनता पाई जाती है तो संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ किया जाए तथा प्रत्येक प्रकरण की नियमित समीक्षा भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं को उनके प्रकरण की प्रगति से समय-समय पर अवगत कराना प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इससे आमजन का प्रशासन के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत होगा।

उन्होंने सभी अधिकारियों से जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता, जवाबदेही एवं समयबद्ध कार्यशैली अपनाने की अपेक्षा करते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक नागरिक को त्वरित एवं प्रभावी न्याय दिलाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *