कोंच तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित, 222 शिकायतों में 27 का मौके पर निस्तारण

उरई/जालौन | संवाददाता

जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से कोंच तहसील सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से फरियादियों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।

समाधान दिवस में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की 222 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 27 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई के दौरान राजस्व, पुलिस, विद्युत, नगर पालिका, विकास, समाज कल्याण एवं पूर्ति विभाग से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें भूमि विवाद, पैमाइश, अवैध कब्जा, बिजली, पेयजल, सड़क, सफाई एवं कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों पर अधिकारियों ने गंभीरता से सुनवाई की।

समाधान दिवस के दौरान उमरी निवासी मीना देवी ने अमलदरामद कराए जाने के संबंध में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद शिकायत का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि शासन की प्राथमिकता प्रत्येक शिकायत का मौके पर जाकर निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बिना जांच के किसी भी शिकायत का निस्तारण प्रदर्शित न किया जाए। यदि ऐसा पाया गया तो संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों की सुनवाई करते हुए अधीनस्थ अधिकारियों को निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है।

समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए उपस्थित ग्रामीणों को पौधों का वितरण भी किया तथा सभी से अधिक से अधिक पौधारोपण कर उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एच.एन. प्रसाद, उपजिलाधिकारी हेमंत पटेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *