जिलाधिकारी ने संपूर्ण समाधान दिवस में सुनीं जनसमस्याएं, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश

अकबरपुर तहसील में 180 शिकायतें प्राप्त, पांच का मौके पर हुआ निस्तारण

कानपुर देहात | संवाददाता

जनपद की सभी तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिला स्तरीय समाधान दिवस के तहत जिलाधिकारी कपिल सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद एवं अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिग्विजय सिंह ने तहसील अकबरपुर में फरियादियों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

तहसील अकबरपुर में आयोजित समाधान दिवस के दौरान कुल 180 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 5 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतकर्ता की संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत का मौके पर जाकर परीक्षण किया जाए तथा समाधान के बाद शिकायतकर्ता से फीडबैक भी लिया जाए। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने भूमि विवाद से संबंधित मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्यमंत्री संदर्भ, जनप्रतिनिधियों के संदर्भ, आईजीआरएस एवं तहसील दिवस से संबंधित सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक नियमित जनसुनवाई करें, शिकायत पंजिका का संधारण करें, प्रकरणों की नियमित समीक्षा करें तथा आमजन के साथ संवेदनशील एवं शिष्ट व्यवहार बनाए रखें।

जिलाधिकारी ने समाधान दिवस के दौरान दो शिकायतकर्ताओं की खतौनी का तत्काल संशोधन कराकर उन्हें उपलब्ध भी कराया।

जनपद की अन्य तहसीलों में भी प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया, जहां फरियादियों की शिकायतें सुनकर उनके निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिग्विजय सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उप जिलाधिकारी अकबरपुर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *