जिलाधिकारी की अपील—‘एक पौधा अवश्य लगाएं, उसके संरक्षण का भी लें संकल्प’ 12 जुलाई को जनपद में होगा 50 लाख पौधों का वृहद वृक्षारोपण

कानपुर देहात | संवाददाता

प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी पर्यावरण संरक्षण पहल के अंतर्गत 12 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाले वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए मां मुक्तेश्वरी देवी कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिग्विजय सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी प्रोमिला सहित जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में जिलाधिकारी ने विभागवार तैयारियों की समीक्षा करते हुए बताया कि 12 जुलाई को जनपद में लगभग 50 लाख पौधों का रोपण किया जाएगा। इसके लिए सभी विभागों को लक्ष्य आवंटित कर दिए गए हैं तथा समयबद्ध कार्ययोजना के अनुसार सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।

समीक्षा के दौरान पौधों की उपलब्धता, गड्ढों की तैयारी, वृक्षारोपण स्थलों का चयन, विभागीय समन्वय, जियो-टैगिंग, पौधों के परिवहन, रोपण के बाद संरक्षण एवं नियमित निगरानी की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक विभाग निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से कार्य पूरा करे तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करे, ताकि पौधों के जीवित रहने का प्रतिशत अधिकतम हो।

उन्होंने सभी रोपित पौधों की हरीतिमा पोर्टल पर अनिवार्य जियो-टैगिंग कराने के निर्देश दिए, जिससे अभियान की प्रगति की पारदर्शी एवं प्रभावी निगरानी की जा सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने का जन अभियान है। उन्होंने सभी विभागों से इस अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।

उन्होंने अभियान में जनप्रतिनिधियों, ग्राम पंचायतों, स्वयं सहायता समूहों, स्वयंसेवी संगठनों, शिक्षण संस्थानों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों, सामाजिक संगठनों, युवा मंडलों, छात्र-छात्राओं एवं आम नागरिकों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक ग्राम पंचायत, विद्यालय, सरकारी कार्यालय एवं सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण करने पर जोर दिया।

बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि प्रत्येक रोपित पौधे की जियो-टैगिंग के साथ उसके संरक्षण, सिंचाई एवं नियमित देखरेख की जिम्मेदारी संबंधित विभाग सुनिश्चित करें। अभियान के प्रत्येक चरण की सतत निगरानी की जाएगी, ताकि लक्ष्य के साथ पौधों का संरक्षण भी प्रभावी ढंग से सुनिश्चित हो सके।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी कपिल सिंह ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि 12 जुलाई 2026 को आयोजित वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 में प्रत्येक नागरिक बढ़-चढ़कर भाग ले। उन्होंने कहा कि “प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसके संरक्षण का भी संकल्प ले।” उन्होंने कहा कि एक पौधा केवल हरियाली का प्रतीक नहीं, बल्कि स्वच्छ पर्यावरण, शुद्ध वायु, जल संरक्षण, जैव विविधता और आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य की अमूल्य धरोहर है।

बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. जयगोविन्द, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार तिवारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, डीसी मनरेगा, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *