मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में 152 मरीजों की कराई गई जांच, स्वास्थ्य सेवाओं का मिला लाभ

कालपी | संवाददाता

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कालपी में आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में रविवार को 152 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सीय परामर्श एवं निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।

अधीक्षक डॉ. अनिल चौरसिया के नेतृत्व में आयोजित मेले में 60 महिला एवं 37 पुरुष सहित कुल 97 मरीजों का उपचार किया गया। इसके अलावा 23 मरीजों की पैथोलॉजी जांच, छह मरीजों के एक्स-रे तथा 26 मरीजों का आयुष्मान योजना के अंतर्गत पंजीकरण किया गया।

वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मथुरा में 27, मुड़ेरा में 18 तथा तिसौली में 22 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उनका उपचार किया गया।

मेले में मरीजों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। साथ ही परिवार कल्याण कार्यक्रम के तहत कंडोम एवं अन्य आवश्यक सामग्री भी वितरित की गई।

अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.एल. वर्मा ने लोगों से संचारी रोगों से बचाव के लिए स्वच्छता अपनाने और सतर्क रहने की अपील की।

चिकित्साधीक्षक डॉ. नितिन गुप्ता ने कहा कि अपने एवं परिवार के सभी सदस्यों का समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराते रहें तथा किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर तत्काल सरकारी अस्पताल में चिकित्सकीय परामर्श लेकर उपचार कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *