कानपुर देहात | संवाददाता
जनपद कानपुर देहात के कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में सड़क हादसे में आठ वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी 12 वर्षीय पायल अपनी 8 वर्षीय बहन के साथ खेत की ओर जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से मासूम गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर मौके से फरार हो गया।
परिजन और ग्रामीण गंभीर रूप से घायल बच्ची को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की तलाश की जा रही है। मामले में तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच भी की जा रही है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और भारी वाहनों का संचालन पूरी सावधानी के साथ करने की अपील की है।