नई दिल्ली/एजेंसी
महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच एक वाटरफॉल के पास अचानक जलस्तर बढ़ने से करीब 100 पर्यटक फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय प्रशासन और बचाव दल ने संयुक्त अभियान चलाकर सभी पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
अधिकारियों के अनुसार, भारी बारिश के कारण नदी और वाटरफॉल का जलस्तर तेजी से बढ़ गया, जिससे पर्यटक चारों ओर से पानी से घिर गए। बचाव दल ने रस्सियों और अन्य सुरक्षा उपकरणों की मदद से सभी लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
रेस्क्यू अभियान के दौरान पानी में फंसी करीब 20 कारों को भी सुरक्षित बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्रशासन ने बताया कि बचाव अभियान में स्थानीय पुलिस, आपदा राहत दल और अन्य एजेंसियों ने मिलकर तेजी से कार्रवाई की, जिससे सभी पर्यटकों को सुरक्षित बचा लिया गया।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मानसून के दौरान नदी, झरनों और अन्य जलभराव वाले पर्यटन स्थलों पर जाने से बचें तथा मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन की चेतावनियों का पालन करें।