नई दिल्ली/महाराष्ट्र | एजेंसी
महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में भारी बारिश के बीच कुंडलिका नदी क्षेत्र स्थित एक वाटरफॉल के पास अचानक जलस्तर बढ़ने से करीब 100 पर्यटक फंस गए। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और बचाव दल ने संयुक्त अभियान चलाकर सभी पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
अधिकारियों के अनुसार, लगातार हो रही बारिश के कारण नदी और वाटरफॉल का जलस्तर तेजी से बढ़ गया, जिससे पर्यटक चारों ओर से पानी से घिर गए। रेस्क्यू टीम ने रस्सियों और अन्य सुरक्षा उपकरणों की मदद से सभी लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
बचाव अभियान के दौरान पानी में फंसी करीब 20 कारों को भी सुरक्षित बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्रशासन ने लगातार हो रही बारिश को देखते हुए लोगों से अपील की है कि वे नदी, झरनों और अन्य जलभराव वाले पर्यटन स्थलों पर जाने से बचें तथा मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करें।